CBSE Board Result 2026: कब आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट? जानें कौन सा शहर रहता है टॉप

CBSE 10th Result 2026 जल्द! 15-20 अप्रैल के बीच परिणाम संभव। जानें पिछले साल लक्षद्वीप, केरल और त्रिवेंद्रम के शानदार प्रदर्शन और दिल्ली के रिजल्ट का पूरा हाल।

 
लक्षद्वीप सीबीएसई 100% रिजल्ट

सीबीएसई बोर्ड के रिजल्ट का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे परीक्षा में शामिल हुए छात्रों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है. सीबीएसई 10वीं के लाखों छात्रों की मेहनत का नतीजा जल्द ही सामने आने वाला है. हालांकि सीबीएसई ने अभी तक 10वीं रिजल्ट के तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि 15 से 20 अप्रैल के बीच रिजल्ट जारी किया जा सकता है. जब रिजल्ट जारी हो जाए, तो छात्र उसे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं. इस बीच आइए जानते हैं कि सीबीएसई रिजल्ट में आखिर किस राज्य का सबसे ज्यादा दबदबा रहता है और कौन सा शहर टॉप करता है?

अगर पिछले साल यानी 2025 के नतीजों पर नजर डालें, तो दक्षिण भारत के राज्यों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा था. सीबीएसई 12वीं में लक्षद्वीप ने 100 प्रतिशत रिजल्ट के साथ पहला स्थान हासिल किया था. इसके बाद 99.73 प्रतिशत रिजल्ट के साथ तेलंगाना दूसरे स्थान पर और 99.51 प्रतिशत के साथ आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा था. इसके अलावा केरल और तमिलनाडु भी टॉप राज्यों में शामिल रहे थे. वहीं 10वीं के रिजल्ट में तमिलनाडु और केरल ने 99.86 फीसदी पासिंग प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया था.

कई सालों से टॉप करता आ रहा त्रिवेंद्रम

अगर शहरों की बात करें तो केरल का त्रिवेंद्रम पिछले कई सालों से लगातार शानदार प्रदर्शन करता आ रहा है. साल 2022, 2023 और 2024 में ये शहर 10वीं और 12वीं दोनों में टॉप पर रहा था. हालांकि पिछले साल ये शहर थोड़ा पिछड़ गया था, लेकिन बाकी सालों में त्रिवेंद्रम का दबदबा कायम रहा है. इसके अलावा चेन्नई, विजयवाड़ा और बेंगलुरु जैसे शहर भी लगातार टॉप-3 में अपनी जगह बनाते रहे हैं. हालांकि अलग-अलग सालों में इन शहरों की रैंकिंग में बदलाव जरूर हुआ, लेकिन इनका प्रदर्शन हमेशा अच्छा ही रहा.

CBSE रिजल्ट में दिल्ली का क्या है हाल?

देश की राजधानी दिल्ली के सीबीएसई रिजल्ट में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. पिछले साल सीबीएसई 12वीं में पूर्वी दिल्ली सातवें और पश्चिमी दिल्ली आठवें स्थान पर रही थी. दरअसल, पिछले सालों की तुलना में इसमें थोड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. हालांकि 10वीं के नतीजों में 2025 दिल्ली के लिए बेहतर साबित हुआ था, जहां पश्चिमी दिल्ली पांचवें और पूर्वी दिल्ली छठे स्थान पर रही थी. इससे पहले दिल्ली कई बार टॉप-10 से बाहर भी रही थी.