CBSE 12th Result 2026: आंसर शीट की स्कैन कॉपी पाने का आज आखिरी मौका, बढ़ी डेडलाइन

CBSE ने 12वीं की उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाकर 24 मई कर दी है। तकनीकी दिक्कतों के बाद मिला एक और मौका, आज ही सीबीएसई पोर्टल पर करें अप्लाई।

 
सीबीएसई कक्षा 12 अंक सत्यापन

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई (CBSE) ने अपनी वेबसाइट पर पिछले कुछ दिनों से भारी ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों का सामना करने के बाद छात्रों के लिए कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की आखिरी डेट 23 मई को फिर से बढ़ा दी थी और 24 मई आखिरी डेट कर दी थी. ऐसे में छात्रों के लिए आंसर शीट की स्कैन कॉपी पाने के लिए आवेदन की आज आखिरी तारीख है. अगर किसी छात्र ने अब तक इसके लिए अप्लाई नहीं किया है तो वो फटाफट अप्लाई कर दे, क्योंकि उसके बाद फिर मौका नहीं मिलेगा.

साइट में आ रही थी दिक्कत

दरअसल, पहले सीबीएसई ने स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने की आखिरी डेट 22 मई निर्धारित की थी, लेकिन साइट काम नहीं करने की वजह से इस तारीख को बढ़ाकर 23 मई कर दिया गया था. हालांकि उसके बाद भी छात्रों की समस्याएं कम नहीं हुईं और साइट में दिक्कतें बनी रहीं. इसके बाद सीबीएसई ने एक बार फिर से इस तारीख को बढ़ा दिया और आखिरी डेट 24 मई कर दिया. अधिकारियों ने कहा कि यह समय सीमा इसलिए बढ़ाई गई है ताकि तकनीकी खराबी या पोर्टल तक पहुंचने में देरी के कारण कोई भी छात्र इस अवसर से वंचित न रह जाए.

कैसे प्राप्त करें स्कैन कॉपी?

  • सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और ‘मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी’ वाले लिंक को खोलें.
  • फिर अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और सिक्योरिटी पिन का उपयोग करके लॉगिन करें.
  • उसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करें.
  • अब अपना आवेदन पत्र सबमिट करें और कंफर्मेशन पेज को सेव कर लें.

आवेदन करने के बाद सीबीएसई द्वारा बाद में पोर्टल पर 12वीं की आंसर शीट की स्कैन कॉपी अपलोड कर दी जाएगी, जिसे छात्र डाउनलोड कर सकते हैं. उसके बाद छात्र उत्तर पुस्तिका की समीक्षा करने के बाद अंकों के वैरिफिकेशन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं.

छात्रों को पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन की गई कॉपी प्राप्त होने के बाद अगले चरण के लिए आवेदन करने के लिए दो दिन तक का समय दिया जाएगा, जिसमें अंकों का वैरिफिकेशन या पुनर्मूल्यांकन शामिल है. सीबीएसई ने छात्रों को दी गई समय सीमा का सदुपयोग करते हुए प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है.