CISCE ICSE ISC Board Exam 2027-2028: सीआईएससीई बोर्ड ने शुरू की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, जानें लास्ट डेट और गाइडलाइंस
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा 2027 व 2028 के लिए रजिस्ट्रेशन और कन्फर्मेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों और स्कूलों के लिए जरूरी अपडेट है. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने वर्ष 2027 और 2028 में होने वाली ICSE और ISC परीक्षाओं से जुड़ी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत स्कूलों को 2027 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की एंट्री कन्फर्म करनी होगी. वहीं 2028 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा. परिषद ने सभी स्कूलों को तय तारीखों के अंदर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
2027 बोर्ड परीक्षा के लिए छात्रों की एंट्री समय पर कन्फर्म करनी होगी.
CISCE के अनुसार ICSE और ISC 2027 परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की एंट्री कन्फर्म करने की प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है. स्कूल 15 सितंबर 2026 तक बिना लेट फीस के विद्यार्थियों की एंट्री की पुष्टि कर सकते हैं. इसके बाद 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक लेट फीस के साथ कन्फर्मेशन का मौका मिलेगा.
अगर छात्र की जानकारी में किसी तरह की गलती है तो स्कूल करियर पोर्टल के जरिए उसमें सुधार के लिए अनुरोध भेज सकते हैं. इसके लिए जरूरी दस्तावेज भी आवेदन के साथ जमा करने होंगे.
ICSE 2028 के लिए रजिस्ट्रेशन की तारीख
ICSE 2028 परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का रजिस्ट्रेशन 5 अगस्त से शुरू हो चुका है. स्कूल 31 अक्टूबर 2026 तक बिना विलंब शुल्क के रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं. इसके बाद 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक लेट फीस के साथ रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा.
ISC 2028 के छात्रों के लिए कन्फर्मेशन की समयसीमा अलग
ISC 2028 परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 5 अगस्त से 15 नवंबर 2026 तक चलेगी. इस पूरी अवधि में छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए कोई लेट फीस नहीं लगेगी. CISCE ने स्कूलों को सलाह दी है कि वे सभी जरूरी जानकारी ध्यान से भरें और निर्धारित समयसीमा का पालन करें. परिषद ने विस्तृत दिशानिर्देशों के लिए आधिकारिक सर्कुलर देखने को भी कहा है.

