CISCE Student Mental Health Conference 2026: छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसिल की राष्ट्रव्यापी पहल, 16 लाख छात्र होंगे शामिल
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को लेकर एक राष्ट्रव्यापी पहल शुरू करने जा रहा है. CISCE छात्र मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण सम्मेलन 2026 के जरिए कक्षा VI से XII तक के करीब 16 लाख छात्रों, 32 हजार से ज्यादा टीचर्स और 3,300 से ज्यादा संबद्ध स्कूलों को जोड़ा जाएगा. इस पहल का मकसद केवल मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना नहीं, बल्कि छात्रों की राय को स्कूलों की नीतियों और कल्याण से जुड़ी सिफारिशों में शामिल करना है. कार्यक्रम का आयोजन विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के आसपास किया जाएगा.
स्कूल स्तर पर होंगे मानसिक स्वास्थ्य संवाद
पहल का पहला चरण 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. इस दौरान CISCE से जुड़े स्कूलों में छात्रों के साथ साप्ताहिक कक्षा चर्चाएं आयोजित की जाएंगी. इनमें छात्रों के तनाव और पढ़ाई के दबाव, इमोशनल हेल्थ, डिजिटल जीवन और पॉजिटिव रिश्तों जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
इसके अलावा ड्रग्स और मादक पदार्थों से बचाव, स्वस्थ विकल्प, लचीलापन विकसित करने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने जैसे मुद्दों पर भी बातचीत की जाएगी. इन चर्चाओं के जरिए छात्रों के एक्सपीरियंस और सुझावों को दर्ज किया जाएगा.
18 क्षेत्रों में होंगे वर्चुअल सम्मेलन
दूसरे चरण में 4 से 14 नवंबर 2026 के बीच 18 क्षेत्रों में वर्चुअल क्षेत्रीय छात्र मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण सम्मेलन होंगे. इसमें चुने गए छात्र प्रतिनिधि और टीचर स्कूल स्तर पर सामने आए विचारों की समीक्षा करेंगे. इसके बाद एलिजिबिलिटी के आधार पर राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए प्रतिभागियों का सेलेक्शन किया जाएगा.
हैदराबाद में राष्ट्रीय सम्मेलन
पहल का अंतिम चरण 20 से 22 नवंबर 2026 तक हैदराबाद स्थित CISCE सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा. इसमें 18 क्षेत्रों से 72 छात्र और 18 शिक्षक मार्गदर्शक शामिल होंगे. इनके साथ मानसिक स्वास्थ्य और नीति विशेषज्ञ, CISCE के अधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.
तैयार होगा छात्र मानसिक स्वास्थ्य चार्टर
राष्ट्रीय सम्मेलन के बाद CISCE Student Mental Health Charter, स्टूडेंट वेलफेयर इंडेक्स और बेहतर स्कूल प्रैक्टिस का संग्रह तैयार किया जाएगा. किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी उभरती चुनौतियों पर एक वाइट पेपर भी तैयार किया जाएगा. CISCE इस आयोजन को भविष्य में द्विवार्षिक कार्यक्रम के रूप में जारी रखने पर भी विचार कर सकता है.