Private University Bill Delhi: दिल्ली सरकार तैयार कर रही वैधानिक ढांचा, अब प्राइवेट इंस्टीट्यूट भी बन सकेंगे यूनिवर्सिटी
दिल्ली सरकार आगामी विधानसभा सत्र में प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल लाने जा रही है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज खोलने के लिए वैधानिक ढांचा तैयार होगा।
राजधानी दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी खुलेंगी. इसके लिए दिल्ली सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में दिल्ली सरकार प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को मंजूरी देने के लिए बिल लाने जा रही है. आगामी विधानसभा सत्र में दिल्ली सरकार प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल पेश करने की तैयारी में है, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी के लिए एक वैधानिक ढांचा स्थापित करेगा. अभी तक दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज के लिए कोई वैधानिक ढांचा नहीं है.
आइए, पूरा मामला विस्तार से जानते हैंं. जानते हैं कि दिल्ली सरकार की प्राइवेट यूनिवर्सिटी को शुरू करने को लेकर योजना क्या है. जानते हैं कि अभी दिल्ली में किस कानून के तहत यूनिवर्सिटी का संचालन हो रहा है.
प्राइवेट इंस्टीट्यूट को यूनिवर्सिटी में बदलने के लिए कानून
अंग्रेजी अखबार TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार आगामी दिल्ली विधानसभा सत्र में प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल को विधानसभा के पटल पर रखा जाना है. रिपोर्ट में दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि नया कानून प्राइवेट इंस्टीट्यूट को यूनिवर्सिटीज में विकसित होने का स्पष्ट कानूनी रास्ता प्रदान करेगा. इससे अधिक शैक्षणिक और अनुसंधान निवेश को बढ़ावा मिलेगा.
यूनिवर्सिटी शुरू करने के लिए क्या है नियम
देशभर में यूनिवर्सिटी यूजीसी के नियमों के अनुसार काम करती हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी शुरू करने के लिए संसदीय और विधानसभा की मंजूरी आवश्यक होती है. मसलन, कोई भी यूनिवर्सिटी संसद के अधिनियम या राज्य विधानमंडल के अधिनियम के तहत ही स्थापित की जाती है. इसके साथ ही देश में एजुकेशन इंस्टीट्यूटडीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी के रूप में, या सरकार द्वारा उच्च शैक्षणिक मानकों के आधार पर यूनिवर्सिटी-समकक्ष दर्जा प्राप्त संस्थान के रूप में काम करते हैं.
दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी कानून का नहीं ढांचा, ऐसे हो रहा काम
दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी का कानूनी ढांचा नहीं है. ऐसे में दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी नहीं हैं. हालांकि प्राइवेट इंस्टीट्यूट हैं, जो गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों के रूप में काम करते हैं या ‘डीम्ड-टू-बी’ यूनिवर्सिटी के रूप में काम करना पड़ता है. इसमें टेरी स्कूल ऑफ एडवांस्ड स्टडीज, एनसीईआरटी और जामिया हमदर्द प्रमुख हैं, जो यूजीसी के तहत ‘डीम्ड यूनिवर्सिटी’ के रूप में काम कर रहे हैं.

