DUSU Election 2026: NSUI ने शुरू किया 'मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र' अभियान; मिले 6000 से अधिक सुझाव
कांग्रेस की स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) इलेक्शन 2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में NSUI ने मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र अभियान शुरू किया हुआ है. इस अभियान के तहत NSUI की टीम विभिन्न कॉलेज इकाइयों की टीमें स्टूडेंट्स से मुलाकात कर रही हैं. साथ ही स्टूडेंट्स की समस्याओं और चिंताओं पर चर्चा कर रही हैं तथा सुझाव पेटियों के माध्यम से उनके सुझाव एकत्र कर रही हैं. इस कड़ी में अब तक NSUI को इस अभियान के तहत 6000 सुझाव स्टूडेंट्स मिले हैं, जिनके आधार पर NSUI जल्द ही DUSU इलेक्शन 2026 के लिए अपना घोषणापत्र तैयार करेगी.
आइए, पूरा मामला जानते हैं. जानते हैं कि DUSU इलेक्शन 2026 के घोषणा पत्र तैयार करने को लेकर NSUI की तैयारियां क्या हैं.
स्टूडेंट्स केंद्रित घोषणा पत्र
NSUI अभियान के तहत प्राप्त सुझावों का विश्लेषण करेगा और स्टूडेंट्स की तरफ से व्यक्त की गई प्राथमिकताओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के आधार पर स्टूडेंट्स-केंद्रित घोषणापत्र तैयार करेगा. NSUI मीडिया प्रभारी रवि पांडेय ने कहा कि मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र स्टूडेंट्स को एजेंडे के केंद्र में रखने की एक पहल है.
उन्होंने कहा कि केवल एक सप्ताह में लगभग 6,000 सुझाव प्राप्त होना दर्शाता है कि DU के स्टूडेंट अपनी आवाज़ को मजबूती से सामने रखना चाहते हैं. हम प्रत्येक सुझाव का विश्लेषण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि अंतिम घोषणापत्र स्टूडेंट्स की वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करे. यह घोषणापत्र स्टूडेंट्स के लिए नहीं, बल्कि छात्रों द्वारा तैयार किया जाएगा.
बदलाव वाले विषयों पर सुझाव दे रहे हैं स्टूडेंट्स
NSUI की तरफ से साझा की गई जानकारी के अनुसार डूसू इलेक्शन 2026 के लिए जारी मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र अभियान के तहत स्टूडेंट्स उन विषयों पर सुझाव दे रहे हैं, जिनमें वह बदलाव चाहते हैं. NSUI की तरफ से साझा की गई जानकारी के अनुसारयह अभियान आने वाले दिनों में भी डीयू के विभिन्न कैंपसों में जारी रहेगा. NSUI की टीमें अधिक से अधिक स्टूडेंट्स तक पहुंचकर उनकी चिंताओं और सुझावों को व्यापक छात्र एजेंडे का हिस्सा बनाएंगी.
NSUI मीडिया प्रभारी रवि पांडेय ने कहा कि कि हमारा मानना है कि किसी यूनिवर्सिटी की प्राथमिकताएं स्टूडेंट्स के साथ संवाद और उनकी भागीदारी के माध्यम से तय होनी चाहिए. मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र डीयू के लिए अधिक समावेशी, जवाबदेह और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.