हांसी: विश्वास नशा मुक्ति केंद्र पर CM फ्लाइंग की रेड, रिकॉर्ड में मिलीं भारी कमियां
हांसी के विश्वास नशा मुक्ति केंद्र पर सीएम फ्लाइंग का छापा। दवाओं का स्टॉक रजिस्टर अधूरा और नियमों की अनदेखी मिली। जानें क्या होगी केंद्र पर कार्रवाई।
हांसी : नशा मुक्ति केंद्रों में नियमों की अनदेखी और अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बीच बुधवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ते (CM फ्लाइंग) ने हांसी के भिवानी रोड स्थित 'विश्वास नशा मुक्ति केंद्र' पर अचानक छापेमारी की। घंटों चली इस जांच में केंद्र के रिकॉर्ड और संचालन में कई बड़ी अनियमितताएं और खामियां पाई गई हैं। सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर पवन कुमार और एएसआई कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। जांच की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सुरेंद्र सरोहा और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अजय को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने केंद्र में दाखिल होते ही सारा रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया।
डॉ. सुरेंद्र सरोहा ने बताया कि केंद्र ने अपना मूल स्थान बदल लिया था। हालांकि इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई, जो नियमों का उल्लंघन है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अजय ने पाया कि दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर सही तरीके से मेंटेन नहीं किया गया था। दवाइयों के आने और उनके उपयोग का रिकॉर्ड अधूरा मिला, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है।
टीम ने मौके पर ही विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट हिसार के सीएमओ (CMO) कार्यालय और चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय को भेजी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उच्च स्तर से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर केंद्र के खिलाफ आगामी कानूनी या प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस छापेमारी के बाद हांसी और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे अन्य नशा मुक्ति केंद्रों के संचालकों में भी खौफ का माहौल है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मरीजों के स्वास्थ्य और दवाइयों के रिकॉर्ड के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

