हरियाणा के सरकारी स्कूलों में AI क्रांति: शिक्षकों के लिए अनिवार्य होगा बेसिक कोर्स

एससीईआरटी गुरुग्राम ने शिक्षकों और स्कूल मुखियाओं के लिए AI बेसिक कोर्स किया अनिवार्य। 22 जून तक पंजीकरण, शिक्षा विभाग का डिजिटल मिशन।
 
हरियाणा शिक्षा विभाग डिजिटल मिशन

बवानीखेड़ा। सरकारी स्कूलों को डिजिटल और स्मार्ट बनाने की दिशा में एससीईआरटी गुरुग्राम ने बड़ा कदम उठाया है। स्कूल मुखियाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ने के बाद अब प्रदेश के शिक्षकों को एआई बेसिक कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए बैच-5 विशेष रूप से तैयार किया गया है।

वहीं बैच-4 में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके एबीआरसी और बीआरपी अब फील्ड में एआई कोर्स के मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे। एससीईआरटी के अनुसार इससे पहले बैच-4 में सभी एबीआरसी (असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) और बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) को एआई बेसिक कोर्स का प्रशिक्षण दिया गया था। सभी प्रतिभागियों ने कोर्स पूरा कर प्रमाणपत्र भी हासिल कर लिया है। अब इनका दायित्व बैच-5 में अधिक से अधिक शिक्षकों को कोर्स से जोड़ना और उन्हें सर्टिफिकेशन तक मार्गदर्शन देना होगा।

फिलहाल बैच-5 स्कूल मुखियाओं के लिए संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सभी प्रिंसिपल, हेडमास्टर, ईएसएचएम, एचटी और स्कूल इंचार्ज के लिए ऑनलाइन एआई बेसिक कोर्स अनिवार्य किया गया है। कोर्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई है जबकि कोर्स पूरा करने की अंतिम तिथि 25 जून है।

कोर्स पूरी तरह ऑनलाइन होगा। मिशन को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। बीआरपी अपने ब्लॉक के सभी क्लस्टर इंचार्ज का पंजीकरण और कोर्स पूरा कराना सुनिश्चित करेंगे। वहीं एबीआरसी को अपने क्लस्टर के प्रत्येक स्कूल मुखिया को इस कोर्स से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डाइट फैकल्टी मेंटर पूरे जिले की मॉनिटरिंग करेंगे।