HBSE Exam Update: हरियाणा बोर्ड की बड़ी कार्रवाई! जींद के झमोला केंद्र पर 10वीं हिंदी की परीक्षा रद्द; सेवादार के मोबाइल में मिली आंसर-की

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने जींद के झमोला परीक्षा केंद्र पर शनिवार को हुई 10वीं हिंदी की परीक्षा रद्द कर दी है। सेवादार के मोबाइल में उत्तरकुंजी मिलने और भारी अनियमितताओं के बाद पूरे स्टाफ को कार्यभार मुक्त कर केंद्र को जुलाना शिफ्ट किया गया है।

 
10वीं हिंदी उत्तरकुंजी लीक

भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा संचालित अध्यक्ष विशेष आर.ए.एफ. उड़नदस्ता द्वारा शनिवार को जींद के परीक्षा केन्द्र पी.एस.पी.एम. वमावि झमोला पर छापेमारी दौरान केन्द्र पर नियुक्त सेवादार के मोबाइल में 10वीं हिंदी विषय की परीक्षा से संबंधित 'डी' कोड की उत्तरकुंजी पाई गई थी। इसके अलावा केन्द्र पर काफी अनियमितताएं भी देखने को मिलीं।

बोर्ड द्वारा इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते सेवादार के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया था। वहीं अब बोर्ड प्रशासन द्वारा परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण पी.एस.पी.एम. वमावि झमोला परीक्षा केन्द्र पर शनिवार को हुई हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है तथा केन्द्र पर नियुक्त पूरे स्टाफ को भी तुरन्त प्रभाव से कार्यभार मुक्त कर दिया गया है।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केन्द्र पी.एस.पी.एम. वमावि झमोला केन्द्र को 10वीं व 12वीं परीक्षा के लिए नए परीक्षा केन्द्र राकवमावि जुलाना-2 (बी-2) पर शिफ्ट कर दिया गया है। अब मंगलवार से 12 व 5 मार्च से 10वीं कक्षा की परीक्षाएं नए परीक्षा केन्द्र पर संचालित होंगी। जिला शिक्षा अधिकारी जीन्द को निर्देशित किया कि वह नए परीक्षा केन्द्र राकवमावि जुलाना-2 (बी-2) पर नया स्टाफ नियुक्ति करना सुनिश्चित करें।