HBSE 10th Maths Paper Cancelled: हरियाणा बोर्ड 10वीं गणित की परीक्षा रद्द, रानीला केंद्र शिफ्ट; 12वीं राजनीति विज्ञान में नकल के 36 केस दर्ज
हरियाणा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं गणित का पेपर आउट होने के बाद रानीला केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने केंद्र को बौंद कलां शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं। वहीं 12वीं की परीक्षा में नकल के 36 मामले पकड़े गए और 4 पर्यवेक्षक कार्यभार मुक्त किए गए। जानें पूरी अपडेट।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने वीरवार को जिला चरखी दादरी के रानीला स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित दसवीं कक्षा की गणित विषय की परीक्षा को पेपर आउट होने के बाद रद्द कर दिया है। साथ ही उक्त केंद्र को 28 फरवरी के बाद संचालित होने वाली दसवीं एवं बारहवीं की शेष परीक्षाओं के लिए रॉयल इंटरनेशनल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौंद कलां-09 (चरखी दादरी) में शिफ्ट कर दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 12वीं कक्षा के राजनीतिक विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान प्रदेशभर में नकल के 36 मामले दर्ज किए गए। वहीं ड्यूटी में कोताही बरतने पर चार पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा 1158 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई जिसमें 1,17,406 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। इसके अतिरिक्त डीएलएड द्वितीय वर्ष (री-अपीयर) विद्यालय की संस्कृति, नेतृत्व और परिवर्तन विषय की परीक्षा में 21 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।
डॉ. पवन कुमार ने बताया कि उनके स्वयं के उड़नदस्ते ने महेंद्रगढ़ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आकौदा में एक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली में दो तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ में एक नकल का मामला दर्ज किया गया।
उपाध्यक्ष के उड़नदस्ते ने नूंह के उपमंडल पुन्हाना के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में नकल के पांच मामले पकड़े। बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के उड़नदस्ते ने रोहतक के ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जहां परीक्षा केंद्र एसएसएस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिटौली में एक नकल का मामला दर्ज किया गया। प्रदेश में गठित अन्य उड़नदस्तों ने 26 नकल के मामले दर्ज किए।
ये पर्यवेक्षक हुए रिलीव
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रश्न पत्र उड़नदस्ता यमुनानगर ने परीक्षा केंद्र एसजीएन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतपुरा पर नियुक्त पर्यवेक्षक पंकज नागरा (टीजीटी), तोशाम एसडीएम द्वारा परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैरू-02 पर नियुक्त पर्यवेक्षक बलवान सिंह (डीपीई) कार्यभार मुक्त किया। एसडीएम बावल द्वारा परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल तेजू से उदय सिंह (डीपीई) तथा अध्यक्ष विशेष उड़नदस्ता-04 द्वारा परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहतक-44 (बी-01) पर नियुक्त पर्यवेक्षक सुनील कुमार (पीजीटी गणित) को ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण रिलीव कर दिया।
परीक्षा ड्यूटी देने वाले पर्यवेक्षकों को केंद्र अधीक्षक के पास मोबाइल फोन जमा कराने के निर्देश
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा अवधि के दौरान स्टाफ का कोई भी सदस्य परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ लेकर न जाए। सभी कर्मचारी अपने मोबाइल फोन केंद्र अधीक्षक के पास जमा कराएं और केंद्र अधीक्षक उन्हें लॉक में रखवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित केंद्र अधीक्षक व संबंधित स्टाफ जवाबदेह होगा तथा बोर्ड नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आज 2,87,881 परीक्षार्थी देंगे दसवीं की हिंदी परीक्षा
बोर्ड की 28 फरवरी को 1371 परीक्षा केंद्रों पर दसवीं के शैक्षिक, मुक्त विद्यालय की हिंदी एवं डीएलएड प्रथम वर्ष री-अपीयर विषय की परीक्षा में 2,87,881 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे।
जिला चरखी दादरी के परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला-2 पर 26 फरवरी को हुई दसवीं की गणित परीक्षा को परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण रद्द कर दिया है। इस परीक्षा केंद्र को 28 फरवरी के बाद संचालित होने वाली दसवीं एवं बारहवीं की शेष परीक्षाओं के लिए रॉयल इंटरनेशनल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौंद कलां-09 (चरखी दादरी) में शिफ्ट कर दिया गया है। आगे की सभी परीक्षाएं इसी केंद्र में होंगी।

