HBSE 10th Science Exam: हरियाणा में नकल के 36 केस दर्ज, 7 पर्यवेक्षक ड्यूटी से सस्पेंड!

हरियाणा बोर्ड 10वीं विज्ञान परीक्षा में नकल के 36 मामले आए सामने। ड्यूटी में लापरवाही पर 7 पर्यवेक्षक कार्यमुक्त। जानें किस जिले में पकड़ी गई सबसे ज्यादा नकल।

 
Exam Supervisors Suspended

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सोमवार को आयोजित दसवी कक्षा की विज्ञान विषय की परीक्षा में 36 नकल के मामले सामने आए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर सात पर्यवेक्षकों को तत्काल कार्यभार से मुक्त कर दिया गया।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पवन कुमार के उड़नदस्ते ने जींद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुडाखेड़ा में नकल का एक मामला दर्ज किया गया। अन्य उड़नदस्तों ने प्रदेशभर में 35 और नकल के मामले पकड़े।

हिसार के शिकारपुर स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पर्यवेक्षक जयदीप सिंह जेबीटी को कार्यभार मुक्त किया। जींद के एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पर्यवेक्षक सत्यवान के कक्ष में तीन नकल के मामले दर्ज होने पर उन्हें परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया।

वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहा-1 के पर्यवेक्षक सतीश शर्मा टीजीटी को उनकी विषयगत ड्यूटी होने के कारण मुक्त किया। पटौदी में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी-1 में कक्षा 11 के सभी 24 परीक्षार्थी नकल में संलिप्त पाए गए। इस मामले में पर्यवेक्षक मनु पराशर को कार्यभार से मुक्त किया गया।

भिवानी के नियंत्रण कक्ष से संचालित एसटीएफ-4 ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चूली बागडियान (हिसार) के पर्यवेक्षक करण सिंह (सामाजिक विज्ञान) और लेघां मुजफ्फरन (भिवानी) के पर्यवेक्षक प्रीती जेबीटी को लापरवाही के कारण परीक्षा ड्यूटी से मुक्त किया। बोर्ड ने कहा कि 17 मार्च को सीनियर सेकेंडरी गणित विषय की परीक्षा में कुल 50,581 परीक्षार्थी शामिल होंगे और नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।