HP TET 2026 Notification: हिमाचल प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, 3 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन अप्लाई
हिमाचल प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (HP TET) 2026 के नवंबर सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 11 सितंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया है. टीचर बनने की तैयारी कर रहे कैंडिडेट बोर्ड की वेबसाइट hpbose.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. इस बार परीक्षा 9 अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित की जाएगी. इनमें टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी हिंदी, टीजीटी संस्कृत, जेबीटी, पंजाबी, उर्दू और स्पेशल एजुकेटर टीईटी शामिल हैं. कैंडिडेट को आवेदन करने से पहले अपनी कैटेगरी, फीस और परीक्षा की तारीख जरूर चेक कर लेनी चाहिए.
3 अक्टूबर तक बिना लेट फीस आवेदन
कैंडिडेट HP TET 2026 के लिए 3 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद 4 से 8 अक्टूबर तक 600 रुपये की अतिरिक्त लेट फीस के साथ फॉर्म जमा करने का मौका मिलेगा.
आवेदन फीस की बात करें तो जनरल कैटेगरी और उसकी संबंधित श्रेणियों के कैंडिडेट के लिए फीस 1,200 रुपये है. वहीं OBC, SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों को 700 रुपये फीस देनी होगी.
9 से 12 अक्टूबर तक करेक्शन का मौका
फॉर्म जमा करने के बाद उम्मीदवार 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक उसमें जरूरी करेक्शन कर सकेंगे. हालांकि, कैटेगरी या सब-कैटेगरी बदलने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होगी. इसके लिए उम्मीदवारों को बोर्ड कार्यालय में जाकर 15 अक्टूबर तक आवेदन करना होगा. एडमिट कार्ड संबंधित परीक्षा से चार दिन पहले जारी किया जाएगा.
22 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा
HP TET 2026 की परीक्षाएं 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 के बीच होंगी. 22 नवंबर को सुबह TGT Arts और दोपहर में JBT की परीक्षा होगी. 29 नवंबर को टीजीटी नॉन-मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर TGT (कक्षा 6 से 12) की परीक्षा पहली शिफ्ट में होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट में TGT संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर TGT (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5) का पेपर होगा.
6 दिसंबर को सुबह TGT मेडिकल, पंजाबी और उर्दू की परीक्षा होगी. वहीं दोपहर की शिफ्ट में TGT हिंदी का पेपर आयोजित किया जाएगा. सभी पेपर सुबह 10 से 12:30 बजे और दोपहर 2 से 4:30 बजे तक होंगे. उम्मीदवारों को सलाह है कि वो अपनी कैटेगरी के अनुसार परीक्षा की तारीख और शिफ्ट पहले से चेक कर लें.