HSSC Recruitment Update: भर्ती शुरू होने से पहले ही युवाओं से सुझाव मांगेगा आयोग; चेयरमैन हिम्मत सिंह ने जारी किया 'गूगल फॉर्म'

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने भर्तियों को कोर्ट-कचहरी से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने गूगल फॉर्म जारी कर युवाओं से भर्ती विज्ञापन से पहले सुझाव मांगे हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और विवादों को रोकने के लिए यह 'बीच का रास्ता' निकाला गया है।

 
HSSC भर्ती विवाद समाधान
चंडीगढ़ : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू करने पहले युवाओं से सुझाव मांगे है। पूर्व समय के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा की गई कई भर्तियां कानूनी विवाद में उलझ कर सिरे नहीं चढ़ सकी हैं। ऐसे में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अब बीच का रास्ता निकाल लिया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से बताया कि आयोग द्वारा निकट भविष्य में भर्तियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए कई विभागों के माध्यम से आवेदन मांगे जाएंगे।

हिम्मत सिंह ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद युवा अक्सर अपने सुझाव देते हैं। बहुत से युवा इसे लेकर अदालत में चले जाते हैं, जिससे हजारों युवाओं का नुकसान होता है। इससे आयोग को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे बचने के लिए भर्तियों के विज्ञापन जारी होते ही युवा एक गूगल शीट के माध्यम से अपने सुझाव आयोग को दे सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन सुझावों पर विचार विमर्श करके अगला निर्णय लिया जाएगा। आयोग के चेयरमैन ने इसके लिए आज ही एक गूगल फार्म भी जारी कर दिया है। हिम्मत सिंह ने कहा कि कुछ अभ्यर्थियों के अदालत में जाने से न केवल हजारों युवाओं का नुक्सान होता है बल्कि आयोग व सरकार को भी कई तरह की परेशानियां आती हैं।