HTET RLV Result 2026: एचटेट बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन का आखिरी मौका, 8-9 जून को भिवानी बुलाए अभ्यर्थी

हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी ने एचटेट RLV अभ्यर्थियों को दिया आखिरी मौका। 8 व 9 जून को बोर्ड मुख्यालय में होगी बायोमैट्रिक जांच।
 
बीएसईएच भिवानी मुख्यालय
भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2024 (एचटेट) से संबंधित 8 व 9 जून को अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन करवाई जाएगी। इस परीक्षा का आयोजन गत वर्ष 30 व 31 जुलाई, 2025 को करवाया गया था तथा परिणाम 10 नवम्बर को घोषित किया जा चुका है। परीक्षा परिणाम घोषणा से पूर्व अभ्यर्थियों द्वारा विभिन्न जिलों में स्थापित वैरीफिकेशन केंद्रों पर बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन करवाई गई थी।

बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा परिणाम उपरांत अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु शेष अभ्यर्थियों को 12 से 14 नवम्बर एवं 19 से 21 नवम्बर, 2025 तक दूसरा अवसर दिया गया था। दूसरे अवसर में शेष अभ्यर्थियों द्वारा बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाई जानी अनिवार्य थी। उन्होंने बताया कि जो अभ्यर्थी बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पाए उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है। बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी अर्थात जिनका परीक्षा परिणाम आर.एल.वी. (रिजल्ट लेट ड्यू टू वैरीफिकेशन) दर्शाया गया है, ऐसे अभ्यर्थी 8 जून व 9 जून, 2026 को बोर्ड मुख्यालय में उपस्थित होकर अपनी बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन के लिए अभ्यर्थी द्वारा अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर आना अनिवार्य होगा। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाई जानी शेष है, उन सभी अभ्यर्थियों को उनके द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय उपलब्ध करवाए गए पंजीकृत मोबाइल नंबर/ई-मेल पर बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया बारे संदेश भेज दिए जाएंगे।