HTET 2025 एडमिट कार्ड जारी: 1 जुलाई से करें डाउनलोड, देखें परीक्षा नियम
हरियाणा बोर्ड ने HTET 2025 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी 1 जुलाई से वेबसाइट पर जाकर रंगीन प्रिंट निकालें। परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश यहाँ पढ़ें।
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट-2025 (लेवल-1, 2 और 3) के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक जारी कर दिया है. अभ्यर्थी 1 जुलाई से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. बोर्ड ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के समय, जरूरी दस्तावेज और अन्य नियमों को लेकर भी अहम निर्देश जारी किए हैं.
1 जुलाई से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 का आयोजन 4 और 5 जुलाई को किया जाएगा. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 1 जुलाई से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.
रंगीन प्रिंट अनिवार्य, बिना इन दस्तावेजों के नहीं मिलेगी एंट्री: बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट लेकर आना अनिवार्य होगा. एक पृष्ठीय प्रवेश पत्र की सेंटर कॉपी और कैंडिडेट कॉपी दोनों का अलग-अलग रंगीन प्रिंट साथ लाना होगा. इसके अलावा आवेदन के समय जिस फोटोयुक्त पहचान पत्र का उपयोग किया गया था, उसकी मूल प्रति भी परीक्षा केंद्र पर साथ लानी होगी.
परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले पहुंचना होगा: बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. इस दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन, अंगूठे के निशान और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. समय पर केंद्र नहीं पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए लेखक की सुविधा: बोर्ड ने बताया कि 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले ऐसे अभ्यर्थी, जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक (स्क्राइब) की सुविधा दी जाएगी. अभ्यर्थी चाहें तो अपना लेखक स्वयं चुन सकते हैं या बोर्ड से लेखक उपलब्ध कराने का अनुरोध कर सकते हैं. इसके लिए परीक्षा तिथि से कम से कम चार दिन पहले बोर्ड मुख्यालय के कमरा नंबर 28 में संपर्क करना होगा. जरूरत पड़ने पर परीक्षा केंद्र अधीक्षक भी लेखक की व्यवस्था कर सकते हैं.
समस्या होने पर बोर्ड से करें संपर्क: बोर्ड ने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो वह तुरंत बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है, ताकि परीक्षा से पहले सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें.

