ICAI CA January 2027 Exam Schedule Released: आईसीएआई ने जारी किया सीए फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षा का शेड्यूल, जानें पूरी तारीखें
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) बनने की तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने जनवरी 2027 के लिए परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है. ICAI ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है. ICAI की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) फाउंडेशन 3 जनवरी से होगा. तो वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) इंटरमीडिएट परीक्षाओं का आयोजन 2 जनवरी से प्रस्तावित है. ICAI ने स्पष्ट किया है किपरीक्षा की तारीखों की घोषणा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स रेगुलेशंस, 1988 के रेगुलेशन 22 के तहत की गई है.
आइए, जानते हैं कि कितने दिनों चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का आयोजन किया जाना है. जानते हैं कि ICAI ने परीक्षाओं का शेड्यूल जारी करने के साथ ही क्या महत्वपूर्ण सूचना दी है.
12 जनवरी तक CA इंटरमीडिएट एग्जाम,
ICAI की तरफ से जारी CA 2027 एग्जाम शेड्यूल के अनुसार CA इंटरमीडिएट एग्जाम 2 जनवरी से शुरू होने हैं. ICAI ने CA इंटरमीडिएट ग्रुप I और ग्रुप 2 का शेड्यूल जारी किया है. जारी शेड्यूल के अनुसार CA इंटरमीडिएट ग्रुप I की परीक्षाएं 2, 4 और 6 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएंगी. तो वहीं ग्रुप II की परीक्षाएं 8, 10 और 12 जनवरी 2027 को होंगी. सभी CA इंटरमीडिएट पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे और इनकी अवधि तीन घंटे की होगी.
9 जनवरी तक CA फाउंडेशन परीक्षा
ICAI की तरफ से जारी CA 2027 एग्जाम शेड्यूल के अनुसार CA फाउंडेशन एग्जाम 3 जनवरी से शुरू होने हैं. फाउंडेशन एग्जाम 3, 5, 7 और 9 जनवरी 2027 को आयोजित किए जाएंगे. वहीं CA फाउंडेशन एग्जाम के लिए, पेपर 1 और 2 दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे. इनकी अवधि तीन घंटे होगी. वहीं पेपर 3 और 4 दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे और इनकी अवधि दो घंटे होगी.ICAI ने स्पष्ट किया है कि फाउंडेशन पेपर 3 और 4 को छोड़कर सभी पेपर के लिए दोपहर 1:45 बजे से 2 बजे तक 15 मिनट का एडवांस रीडिंग टाइम (पेपर पढ़ने का समय) दिया जाएगा.
नहीं बदलेगा परीक्षा का शेड्यूल
ICAI ने स्पष्ट किया है कि CA जनवरी 2027 एग्जाम के जारी शेड्यूल में बदलाव नहीं किया जाएगा. मसलन अगर केंद्र सरकार, राज्य सरकार या स्थानीय प्रशासन की तरफ से किसी परीक्षा की तारीख को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तो परीक्षा के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा. वहीं ICAI ने ये भी स्पष्ट किया गया है कि जनवरी 2027 एग्जाम का आयोजन निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगा. हालांकि ये जरूरी है कि परीक्षा केंद्रों पर कैंडिडेट्स की पर्याप्त संख्या हो.