IGNOU Fortis Hospital Nursing Recruitment: इग्नू और फोर्टिस वसंत कुंज की बड़ी पहल, जानिए योग्यता और आवेदन प्रक्रिया

इग्नू फोर्टिस अस्पताल वसंत कुंज में नर्सिंग पदों के लिए प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित कर रहा है। चयनित उम्मीदवारों को ₹21,562 तक प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
 
दिल्ली नर्सिंग वैकेंसी

नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे छात्रों और ग्रेजुएट्स के लिए नौकरी और एक्सपीरियंस हासिल करने का अच्छा मौका है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) का कैंपस प्लेसमेंट सेल फोर्टिस हॉस्पिटल, वसंत कुंज, नई दिल्ली में नर्सिंग पदों के लिए प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित कर रहा है. इस अभियान में 15 से अधिक पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को एक साल के अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम में काम करने का अवसर मिलेगा. इस दौरान उन्हें हर महीने 21,562 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा. वहीं, हॉस्टल सुविधा लेने वाले उम्मीदवारों को फीस कटने के बाद 18,762 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे.

किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका?

यह प्लेसमेंट ड्राइव केवल IGNOU के मौजूदा छात्रों और पूर्व छात्रों (Alumni) के लिए है. आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से GNM, पुरुष उम्मीदवारों के लिए वैकल्पिक नर्सिंग कोर्स या B.Sc Nursing की योग्यता होनी चाहिए. IGNOU ने महिला उम्मीदवारों को भी इस अवसर के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया है.

इच्छुक उम्मीदवार IGNOU की वेबसाइट और उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी प्लेसमेंट ड्राइव के पोस्टर को देख सकते हैं. पोस्टर में दिए गए QR कोड को स्कैन करके रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. आवेदन से पहले उम्मीदवारों को अपनी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी जरूर चेक कर लेनी चाहिए.

कितना मिलेगा स्टाइपेंड और क्या होगा काम?

चयनित उम्मीदवारों को एक साल के अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम के दौरान हर महीने 21,562 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा. हॉस्टल लेने पर 2,800 रुपये की कटौती के बाद 18,762 रुपये मिलेंगे. इसके साथ फोर्टिस हॉस्पिटल जैसे बड़े हेल्थकेयर संस्थान में काम करने का व्यावहारिक एक्सपीरियंस भी मिलेगा.

उम्मीदवारों को मरीजों की देखभाल, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण का ध्यान रखना होगा. उन्हें दवाओं और मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीजों से जुड़ी जानकारी दर्ज करने और डॉक्टरों व अन्य मेडिकल स्टाफ के साथ समन्वय करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी. डॉक्टर के निर्देश के अनुसार नर्सिंग प्रक्रियाएं पूरी करना और दवाइयां सुरक्षित तरीके से देना भी काम का हिस्सा होगा.

रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट

उम्मीदवारों को अपडेटेड रिज्यूमे, IGNOU आईडी कार्ड, GNM या B.Sc Nursing का प्रमाणपत्र, सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखना होगा. नर्सिंग प्रक्रियाओं, मेडिकल प्रोटोकॉल और डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन को समझने की क्षमता भी जरूरी होगी. यह अवसर छात्रों को नर्सिंग क्षेत्र में अनुभव और नई स्किल हासिल करने में मदद कर सकता है.