इसरो में 410 अप्रेंटिस पदों पर बिना परीक्षा भर्ती, जानिए योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
इसरो के यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) ने 410 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। बिना किसी लिखित परीक्षा के मेरिट के आधार पर चयन होगा। 28 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करें।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में अप्रेंटिसशिप करने का सपना देख रहे इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए शानदार मौका आया है. इसरो के बेंगलुरु स्थित यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) ने वर्ष 2026-27 के लिए 410 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. चयनित उम्मीदवारों को एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी और ट्रेनिंग के दौरान हर महीने स्टाइपेंड भी मिलेगा. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 28 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती में सबसे खास बात यह है कि चयन मेरिट के आधार पर होगा और किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी.
इसरो के यूआर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) बेंगलुरु ने ग्रेजुएट, टेक्नीशियन और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस के कुल 410 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं. ऑनलाइन आवेदन 29 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं और उम्मीदवार 28 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
योग्यता और पासआउट वर्ष की शर्तें
भर्ती में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 220 पद, टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के 120 पद और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस के 70 पद शामिल हैं. ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए संबंधित ब्रांच में बीई या बीटेक की डिग्री जरूरी है. टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए संबंधित ट्रेड में तीन वर्षीय डिप्लोमा और कमर्शियल प्रैक्टिस पद के लिए उसी विषय में डिप्लोमा होना चाहिए. इस भर्ती में केवल वो उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 2022, 2023, 2024, 2025 या 2026 में अपनी डिग्री या डिप्लोमा पूरा किया हो. इससे पहले पास आउट अभ्यर्थी आवेदन के लिए एलिजिबल नहीं होंगे.
नहीं देनी होगी परीक्षा
इस भर्ती के लिए किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. उम्मीदवारों का चयन उनके शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा. मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
ट्रेनिंग के दौरान ग्रेजुएट अप्रेंटिस को हर महीने 12,300 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा. वहीं टेक्नीशियन (डिप्लोमा) और कमर्शियल प्रैक्टिस अप्रेंटिस को 10,900 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह फ्री रखा गया है.
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को NATS 2.0 पोर्टल पर छात्र के रूप में रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद UMANG पोर्टल या ISRO/URSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती नोटिफिकेशन के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. 28 अगस्त 2026 से पहले आवेदन जमा करना अनिवार्य है.

