JEECUP Result 2026: यूपी पॉलीटेक्निक रिजल्ट 20 जून को, काउंसलिंग अपडेट

JEECUP 2026 का रिजल्ट 20 जून को जारी होने की संभावना। 4 अंक पाने वाले भी होंगे काउंसलिंग में शामिल। जानें एडमिशन प्रक्रिया और काउंसलिंग शेड्यूल का पूरा अपडेट।

 
JEECUP रिजल्ट अपडेट

उत्तर प्रदेश पॉलीटेक्निक एंट्रेंस एग्जाम(JEECUP) 2026 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है. परीक्षा का रिजल्ट 20 जून को जारी होने की संभावना है. खास बात यह है कि इस बार बहुत कम अंक पाने वाले छात्रों को भी काउंसलिंग में शामिल होने का मौका मिलेगा. इससे उन स्टूडेंट्स का साल खराब नहीं होगा जो परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके. वहीं, फार्मेसी और इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्सों में एडमिशन को लेकर इस बार कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है. छात्रों को अब रिजल्ट और काउंसलिंग शेड्यूल का इंतजार है.

कम अंक पाने वाले छात्रों को भी मिलेगा मौका

इस वर्ष की व्यवस्था के तहत परीक्षा में बहुत कम अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे. 400 अंकों की परीक्षा में अगर किसी छात्र को केवल चार अंक भी मिलते हैं, तब भी वह प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकता है. हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को सरकारी और सहायता प्राप्त संस्थानों में एडमिशन नहीं मिलेगा. उन्हें निजी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में एडमिशन का अवसर दिया जाएगा.

परीक्षा में शामिल हुए तीन लाख से ज्यादा छात्र

इस बार एंट्रेंस एग्जाम के लिए कुल 4.25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें से करीब 3.34 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए. राज्य के अलग-अलग पॉलीटेक्निक संस्थानों में इंजीनियरिंग डिप्लोमा, फार्मेसी और अन्य कोर्सों की लगभग 2.71 लाख सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा.

फार्मेसी और इंजीनियरिंग में बढ़ी प्रतिस्पर्धा

फार्मेसी डिप्लोमा कोर्सों में इस बार भी एडमिशन के लिए कड़ा मुकाबला है. वहीं इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्सों में भी बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी है. परिषद के अधिकारियों का कहना है कि तकनीक की बढ़ती मांग के कारण प्रतिस्पर्धा पहले की तुलना में अधिक हो गई है.

जल्द शुरू होगी काउंसलिंग

परिषद के सचिव एस.के. सिंह के अनुसार, रिजल्ट जारी होने के बाद जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह से काउंसलिंग शुरू हो सकती है. छात्रों को सलाह दी गई है कि वो अपने सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट पहले से तैयार रखें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.