JoSAA काउंसलिंग 2026: चौथे राउंड की रिपोर्टिंग और IIT-NIT एडमिशन अपडेट
जोसा काउंसलिंग 2026 के चौथे राउंड की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। IIT और NIT में एडमिशन की प्रक्रिया और फीस से जुड़ी पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई में एडमिशन के लिए जोसा काउंसलिंग 2026 जारी है. चौथे राउंड में सीट पाने वाले उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन रिपोर्टिंग की लास्ट डेट 13 जुलाई शाम 5 बजे निर्धारित की गई है. जिन छात्रों के डॉक्यूमेंट्स में कोई कमी मिलेगी, उन्हें 14 जुलाई शाम 5 बजे तक उसका जवाब देना होगा, अन्यथा उनकी सीट रद्द हो सकती है. वहीं, पांचवें राउंड के बाद आईआईटी और एनआईटी में अंतिम प्रवेश की प्रक्रिया अलग-अलग होगी. इसलिए सभी उम्मीदवारों को समयसीमा और संबंधित संस्थानों के निर्देशों का ध्यान रखना जरूरी है.
आईआईटी और एनआईटी में अंतिम प्रवेश की प्रक्रिया अलग
विशेषज्ञों के अनुसार, पांचवें राउंड के बाद आईआईटी और एनआईटी में अंतिम प्रवेश की प्रक्रिया अलग-अलग होगी. जिन छात्रों को आईआईटी में सीट मिली है, उन्हें संबंधित आईआईटी की वेबसाइट पर जाकर शेष फीस, जरूरी डॉक्यूमेंट्स और फिजिकल रिपोर्टिंग की तारीख की जानकारी लेनी होगी. हर आईआईटी का रिपोर्टिंग शेड्यूल अलग हो सकता है.
वहीं, एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई में सीट पाने वाले छात्रों को 22 से 24 जुलाई के बीच आंशिक प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट पक्की करनी होगी. जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए यह फीस 45,000 रुपये और एससी-एसटी वर्ग के लिए 20,000 रुपये तय किया गया है. इसके बाद उम्मीदवारों को संबंधित संस्थान की वेबसाइट से अंतिम प्रवेश की प्रक्रिया और बाकी फीस की जानकारी प्राप्त करनी होगी.
आईआईटी सीट छोड़ने की लास्ट डेट 14 जुलाई
जो उम्मीदवार अपनी अलॉट आईआईटी सीट से संतुष्ट नहीं हैं और अगले वर्ष जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें 14 जुलाई शाम 5 बजे तक आईआईटी सीट वापस (Withdrawal) करनी होगी. अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो अगले वर्ष जेईई एडवांस्ड देने के एलिजिबल नहीं होंगे, हालांकि अन्य एलिजिबलिटी शर्तें भी पूरी करनी होंगी. यह नियम केवल आईआईटी सीट पर लागू होता है. एनआईटी, ट्रिपलआईटी या जीएफटीआई की सीट छोड़ने या न छोड़ने का अगले वर्ष जेईई मेन या जेईई एडवांस्ड की एलिजिबलिटी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

