मुंबई यूनिवर्सिटी UG पहली मेरिट लिस्ट आज जारी; ऐसे चेक करें नाम और कट-ऑफ
मुंबई यूनिवर्सिटी आज सुबह 11 बजे जारी करेगी स्नातक (UG) एडमिशन की पहली मेरिट लिस्ट। जानें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, फीस भुगतान की तारीखें और लिस्ट चेक करने का तरीका।
मुंबई यूनिवर्सिटी आज यानी 26 मई 2026 को स्नातक (UG) एडमिशन के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी करने जा रही है. यह लिस्ट 11 बजे विश्वविद्यालय और उससे जुड़े कॉलेजों की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी. जिन छात्रों ने 2026-27 सेशन के लिए आवेदन किया है वो आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं. पहली मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद छात्रों को तय समय के भीतर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करनी होगी. विश्वविद्यालय ने एडमिशन प्रक्रिया के सभी चरणों की तारीखें भी जारी कर दी हैं.
सुबह 11 बजे जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
इस लिस्ट में उन्हीं छात्रों के नाम शामिल होंगे जिन्होंने तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन पूरा किया था. विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 6 मई से शुरू की थी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 21 मई दोपहर 1 बजे तक थी.
ऐसे चेक करें मेरिट लिस्ट
छात्र विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मेरिट लिस्ट देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट पर जाना होगा. वहां यूजी एडमिशन मेरिट लिस्ट लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद कॉलेज और कोर्स का चयन करें. फिर पीडीएफ फाइल स्क्रीन पर खुल जाएगी जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है.
कोर्स के अनुसार तय हैं एलिजिबिलिटी नियम
विश्वविद्यालय ने अलग-अलग कोर्सों के लिए एलिजिबिलिटी शर्तें तय की हैं. बीए कोर्स में एडमिशन के लिए छात्रों का किसी भी विषय से 12वीं पास होना जरूरी है. वहीं बीएससी में एडमिशन के लिए साइंस स्ट्रीम से 12वीं पास होना आवश्यक है. इसके अलावा एमएससी में एडमिशन वही छात्र ले सकते हैं जिन्होंने बीएससी में कम से कम 50 प्रतिशत नंबर प्राप्त किए हों.
पहली मेरिट लिस्ट के बाद क्या होगा?
पहली लिस्ट मेरिट में चयनित छात्रों को 27 मई से 29 मई दोपहर 3 बजे तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस भुगतान करनी होगी. इसी चरण में अधिकतर सीटें भर जाती हैं इसलिए इसे सबसे प्रतिस्पर्धी दौर माना जा रहा है.
दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट की तारीखें
विश्वविद्यालय दूसरी मेरिट लिस्ट 30 मई 2026 को शाम 7 बजे जारी करेगा. इसके बाद 1 जून से 3 जून तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी. वहीं तीसरी और अंतिम मेरिट लिस्ट 4 जून को शाम 7 बजे जारी होगी. अंतिम चरण में छात्रों को 5 जून से 9 जून तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करने का मौका मिलेगा. विश्वविद्यालय में नई कक्षाएं 13 जून 2026 से शुरू होंगी.

