NEET PG Exam 2026 Update: नेपाल आपदा के बीच मेडिकल छात्रा ने दिखाया गजब काौसला, पिता की इच्छा के लिए पूरा किया पेपर

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण माता-पिता लापता होने के बावजूद मेडिकल स्टूडेंट तन्वी ने भारी मन से नीट पीजी की परीक्षा दी।
 
Tanvi NEET PG exam

नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई बाढ़ और भूस्खलन ने हजारों परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है. इस प्राकृतिक आपदा में 900 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि 3000 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इन्हीं लापता लोगों में 24 वर्षीय मेडिकल स्टूडेंट तन्वी के माता-पिता भी शामिल हैं जो कैलाश यात्रा के लिए नेपाल गए थे. माता-पिता की कोई खबर न मिलने के बावजूद तन्वी ने NEET PG 2026 की परीक्षा देने का फैसला किया. परीक्षा के दौरान वह करीब डेढ़ घंटे तक रोती रहीं, लेकिन पिता की इच्छा को याद कर उन्होंने पेपर पूरा किया.

माता-पिता की चिंता के बीच दी परीक्षा

तन्वी ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान उनके हाथ कांप रहे थे और आंखों में लगातार आंसू थे. रोने की वजह से कंप्यूटर स्क्रीन पर सवाल पढ़ना भी मुश्किल हो रहा था. इसके बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और परीक्षा जारी रखी.

तन्वी के मुताबिक, वह लगातार अपने पिता को याद कर रही थीं. उन्होंने बताया कि एडमिट कार्ड पर लगी उनकी तस्वीर भी उनके पिता ने खींची थी. इस वजह से परीक्षा के दौरान माता-पिता की चिंता और ज्यादा सताती रही. उन्होंने कहा कि करीब तीन घंटे की परीक्षा में लगभग डेढ़ घंटा वह रोती रहीं.

67 लोगों के ग्रुप के साथ गए थे नेपाल

तन्वी ने बताया कि उनकी मां अनाघा अन्नमदेवरा और पिता वेंकटराम अन्नमदेवरा 67 लोगों के एक समूह के साथ कैलाश यात्रा पर गए थे. नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद से परिवार का यात्रा समूह और संबंधित संस्था से संपर्क नहीं हो पा रहा है. आखिरी जानकारी के मुताबिक, यह ग्रुप नेपाल के इमिग्रेशन सेंटर और मैत्री पुल के आसपास था. संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है.

तन्वी ने लोगों से अपने माता-पिता की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की है. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके माता-पिता सुरक्षित लौटेंगे. उनका कहना है कि पिता चाहते थे कि वह NEET PG की परीक्षा जरूर दें, इसलिए उन्होंने यह परीक्षा उनके लिए दी.

2.63 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

NEET PG 2026 का आयोजन MD-MS समेत पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए किया गया. परीक्षा देशभर के 1,111 केंद्रों पर सिंगल शिफ्ट में हुई, जिसमें 2.63 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए. परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली. वहीं जयपुर के सीतापुरा स्थित दो केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई. इन केंद्रों पर अब 5 सितंबर 2026 को परीक्षा कराई जाएगी.