NBEMS Forms Committee for NEET PG Power Failure: परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने पर बोर्ड ने बनाई जांच कमेटी, 2445 छात्र होंगे शामिल

जयपुर में बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी के कारण बाधित हुई नीट पीजी परीक्षा, NBEMS ने 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है।
 
NEET PG news 2026

NEET PG परीक्षा से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया है. राजस्थान के जयपुर में परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी नहीं हो सकी. मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है. यह समिति बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों की पड़ताल करेगी और अपनी रिपोर्ट तय समय सीमा में सौंपेगी. इस बीच प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देते हुए NBEMS ने दोबारा परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है.

बिजली की समस्या से परीक्षा हुई बाधित

जयपुर जिले के सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन के दो केंद्रों पर परीक्षा के दौरान आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या आ गई. इसके चलते परीक्षा प्रक्रिया बाधित हुई और कई उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके. घटना के बाद NBEMS ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है.

समिति में कौन-कौन शामिल हैं?

इस समिति में राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी को शामिल किया गया है. समिति यह पता लगाएगी कि बिजली आपूर्ति में खराबी किस वजह से हुई और परीक्षा के दौरान व्यवधान क्यों आया.

2,445 उम्मीदवारों की 5 सितंबर को फिर परीक्षा

NBEMS के अनुसार, जयपुर के इन दोनों प्रभावित केंद्रों पर परीक्षा देने वाले 2,445 अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी. बोर्ड ने कहा है कि री-एग्जाम का उद्देश्य प्रभावित उम्मीदवारों को निष्पक्ष और समान अवसर देना है.

NBEMS ने परीक्षा में आई परेशानी के लिए उम्मीदवारों से खेद भी जताया है. बोर्ड ने स्पष्ट किया कि री-एग्जाम केवल उन अभ्यर्थियों के लिए होगा जो इन प्रभावित केंद्रों पर परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे.