सीट अपग्रेडेशन से लेकर फीस जानकारी तक, MCC ने मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए किए 4 बड़े बदलाव
MCC ने NEET UG 2026 काउंसलिंग के नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। अब MBBS-BDS सीट अपग्रेड कराने के लिए कॉलेजों में फिजिकल रिपोर्टिंग की जरूरत नहीं होगी। जानें नए नियम।
नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (NEET) यूजी 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है. इसमें सफल हुए कैंडिडेट्स अब MBBS-BDS एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) जल्द ही काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर देगी. इस बीच MCC ने ऑनलाइन काउंसलिंग नियमों में कई बदलाव की घोषणा की है, जिसके तहत MCC ने MBBS-BDS व मेडिकल पीजी कोर्सों में एडमिशन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. इन नियमों के तहत अब सीट आवंटित होने पर अपग्रेड कराने के लिए कैंडिडेट्स को कॉलेजों में रिपोर्ट नहीं करना होगा. इसके साथ ही कई अन्य नियमों में भी बदलाव किया गया है.
आइए, जानते हैं कि MCC ने ऑनलाइन काउंसलिंग से जुड़े कौन से नियमों में बदलाव किया है. जानते हैं कि नियमों में बदलाव का कारण क्या है.
एडमिशन प्रोसेस को सरल बनाने की कवायद
MCC ने MBBS-BDS व पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल काेर्सों में एडमिशन के लिए प्रोसेस को सरल बनाने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग नियमों में बदलाव किया है. MCC ने स्पष्ट किया है कि इन बदलाव का मुख्य उद्देश्य एडमिशन प्रोसेस को सरल बनाना, कागजी कार्रवाई को कम करना और मेडिकल कैंडिडेट्स के लिए काउंसलिंग सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाना है.
सीट अपग्रेड कराने के लिए फिजिकल रिपोर्ट नहीं करना होगा
MCC की तरफ से संशोधित किए ऑनलाइन काउंसलिंग नियमों के तहत अब कैंडिडेट्स को सीट आंवटित किए जाने के बाद सीट अपग्रेड कराने के लिए कॉलेज में फिजिकल रिपोर्ट नहीं करना होगा. मसलन, अगर किसी कैंडिडेट को किसी राउंड में MBBS-BDS सीट आवंटित होती है, लेकिन वह अगले राउंड के लिए सीट अपग्रेड कराना चाहता है और “Upgrade” या “Willing to Upgrade”तो इसके लिए कैंडिडेट्स को कॉलेज जाना नहीं होगा. ऐसे कैंडिडेट्स ऑनलाइन ये कर सकेंगे. उनकी सीट अगले राउंड के लिए सुरक्षित रहेगी. MCC का मानाना है कि इससे कैंडिडेट्स अनावश्यक यात्रा से बचेंगे.
ऑनलाइन ही सीट छोड़ने की सुविधा
MCC के संशोधित ऑनलाइन काउंसलिंग नियमों के अनुसार उन कैंडिडेट्स को ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जो आंवटन के बाद अपनी सीट छोड़ना चाहते हैं. ऐसे कैंडिडेट्स MCC काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए कॉलेज जाने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन MCC के नियमों के मुताबिक और समय सीमा के अंदर ही ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा मिलेगी.
NRI कोटे के दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे
MCC के संशोधित ऑनलाइन काउंसलिंग नियमों के अनुसार अब NRI कोटे से एडमिशन चाहने वाले कैंडिडेट्स इससे संबंधित दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे. असल में डीम्ड यूनिवर्सिटी व प्राइवेट मेडिकल काॅलेजों में NRI कोटे से 15 फीस सीट आरक्षित हैं. पहले NRI कोटे से एडमिशन के लिए कैंडिडेट्स को यूनिवर्सिटी व कॉलेज में जाकर दस्तावेज जमा कराने होते थे.
सीट और फीस की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी
MCC ने सभी मेडिकल कॉलेजों व राज्यों को निर्देशित किया है कि वह MBBS-BDS व मेडिकल की पोस्ट ग्रेजुएट सीटों व फीस की जानकारी कैंडिडेट्स को आसानी से उपलब्ध कराएं. MBBS व BDS की सीटों में एडमिशन ऑल इंडिया कोटा और स्टेट कोटा काउंसलिंग के माध्यम से दिया जाता है.

