NEET-UG 2026: सोनीपत की मैत्री तुषिर का कमाल, हासिल की 366वीं रैंक
सोनीपत के गांव गढ़ी ब्राह्मणन की मैत्री तुषिर ने नीट 2026 में 366वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की। जानें उनकी सफलता का मंत्र और परिवार की प्रतिक्रिया।
सोनीपतः जिले के गांव गढ़ी ब्राह्मणन की बेटी मैत्री तुषिर ने नीट 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 366वीं रैंक हासिल की है. मैत्री की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. मैत्री ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और एकेडमी को दिया है, जहां उन्होंने पढ़ाई की और नीट की तैयारी की.
परिवार में खुशी का माहौल: कहते हैं कि मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रहता. इस बात को सच कर दिखाया है सोनीपत के गांव गढ़ी ब्राह्मणन की रहने वाली मैत्री तुषिर ने मैत्री ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में 366वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. मैत्री ने बताया कि "उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान लगातार मेहनत की और लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा." उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों को दिया. मैत्री की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है. घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
मेहनत और लगन का परिणाम है नीटः वहीं एकेडमी के शिक्षकों का कहना है कि "मैत्री की सफलता उनकी वर्षों की मेहनत और लगन का परिणाम है." शिक्षकों ने नीट पेपर लीक जैसे मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं छात्रों का मनोबल तोड़ती हैं और दोबारा परीक्षा की तैयारी में उन्हें मानसिक दबाव और एकाग्रता की समस्या का सामना करना पड़ता है."

