UP Board Result 2026: फिजिक्स की कॉपी में छात्र की गुहार- 'सर पास कर दो, वरना तिलक कम चढ़ेगा!'
यूपी बोर्ड मूल्यांकन 2026: कॉपियों में निकले अतरंगी मैसेज! किसी ने शादी टूटने का डर बताया तो किसी ने सीसीटीवी के कारण पैसे न रख पाने का अफसोस जताया। जानें ताजा अपडेट।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम युद्धस्तर पर जारी है. लेकिन इस बार मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियां जांच रहे शिक्षकों के सामने उत्तरों से ज्यादा इमोशनल अत्याचार और अतरंगी गुहारें सामने आ रही हैं. फिजिक्स (भौतिक विज्ञान) जैसे कठिन विषय की कॉपियों में छात्रों ने ऐसे-ऐसे शादी फॉर्मूले लिखे हैं, जिन्हें पढ़कर परीक्षक भी हैरान हैं.
मूल्यांकन केंद्रों से आई खबरों के मुताबिक, इंटरमीडिएट के एक छात्र ने अपनी फिजिक्स की कॉपी में लिखा- सर, मैं जानता हूं कि आप मेरी कॉपी से संतुष्ट नहीं होंगे क्योंकि मेरी तैयारी अच्छी नहीं थी. मेरी शादी तय हो गई है और जिस लड़की से रिश्ता हुआ है, उसने भी 12वीं का एग्जाम दिया है. अगर मैं फेल हो गया तो समाज में बेइज्जती होगी और मेरा तिलक भी कम चढ़ेगा. कृपया पास कर दें.
वहीं, एक छात्रा ने अपनी व्यथा लिखते हुए भावुक अपील की है. उसने लिखा- सर नमस्ते, मैं चार बहनों में तीसरे नंबर पर हूं और 13 मई को मेरी शादी है. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, इसलिए पढ़ नहीं पाई. अगर मैं फेल हुई तो मेरी शादी टूट जाएगी. हमारा परिवार आर्थिक रूप से बहुत कमजोर है, इसलिए मैं आपको दक्षिणा (रुपये) देने में भी असमर्थ हूं.
CCTV के डर से नहीं रख पाए नोट
इस बार कॉपियों में नोट निकलने के मामलों में भारी कमी आई है, लेकिन छात्रों ने इसका कारण भी कॉपी में ही लिख दिया है. एक छात्र ने लिखा- सर, पिताजी बीमार थे इसलिए अस्पताल में समय बीता और तैयारी नहीं हो सकी. मैं आपकी सेवा में 2000 रुपये रखना चाहता था, लेकिन क्लास में ड्यूटी कर रहे टीचर बहुत सख्त थे और वहां CCTV भी लगा था, इसलिए पैसे नहीं रख सका. प्लीज मुझे पास कर दीजिएगा.
सख्ती का असर: नोटों पर लगा ब्रेक
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के कड़े आदेशों का असर इस बार साफ दिख रहा है. बोर्ड ने स्पष्ट किया था कि यदि किसी कॉपी में पैसे मिलते हैं, तो न केवल छात्र बल्कि संबंधित केंद्र के कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी. यही कारण है कि इस बार कॉपियों में नकदी कम निकल रही है. शिक्षकों का कहना है कि छात्र भले ही कितनी भी भावुक बातें लिख लें, लेकिन नंबर केवल सही उत्तर लिखने पर ही दिए जा रहे हैं.
मूल्यांकन के ताजा आंकड़े
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार. कुल कॉपियां लगभग 2.60 करोड़ हैं. 23 मार्च की शाम तक 32,53,505 कॉपियां जांची जा चुकी हैं. हाईस्कूल की 19,62,275 कॉपियां और इंटरमीडिएट की 12,91,248 कॉपियां हैं. प्रदेश भर के मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षक सीसीटीवी की निगरानी में दिन-रात कॉपियां जांचने में जुटे हैं ताकि समय पर परिणाम घोषित किया जा सके.

