यूपी में बंपर सरकारी नौकरियां, दिसंबर तक 62 हजार पदों पर होंगी भर्तियां

यूपी में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर। दिसंबर तक शिक्षा और विभिन्न विभागों में 62 हजार पदों पर होगी भर्तियां।

 
aided college assistant professor vacancy UP

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. प्रदेश सरकार 62 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है. महत्वपूर्ण है कि इन 62 हजार पदों पर दिसंबर तक नियुक्तियां दी जानी हैं. इसको लेकर शिक्षा और लोक सेवा आयोग ने कमान संभाल ली है. इसी कड़ी में कई भर्तियों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है तो वहीं कई पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी होना है. यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे में चुनावी वर्ष में समय पर भर्ती का आयोजन आयोग के लिए महत्वपूर्ण है.

आइए, जानते हैं कि यूपी के दिसंबर तक भरे जाने वाले 62 हजार पद किन-किन विभागों में भरे जाने हैं. जानते हैं कि कब तक इन भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी हो सकता है.

शिक्षा विभाग में बंपर भर्ती

यूपी में शिक्षा विभाग में बंपर पदों पर भर्ती होगी. ये भर्तियां उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से की जानी हैं. इसके लिए दोनों आयोग ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसके तहत पदाें पर भर्ती के लिए अधिचायन अपलोड कर दिया गया है तो वहीं कई पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी है. आइए जानते हैं कि किन-किन पदों पर भर्ती होनी है.

एडेड काॅलेजों में प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती

शिक्षा चयन आयोग अपनी तैयारियों के तहत प्रदेश के एडेड काॅलेजों में प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती करने जा रहा है. एडेड कॉलेजों में 111 पदों प्राचार्य की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है तो वहीं 2100 से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन इसी महीने जारी होने की संभावना है.अल्पसंख्यक काॅलेजों में करीब 150 और माध्यमिक अल्पसंख्यक स्कूलों में 300 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन सितंबर-अक्टूबर तक भेजने की तैयारी है.

स्कूलों में बंपर पदों पर भर्ती

यूपी के स्कूलों में बंपर पदों पर भर्ती की तैयारी है. इसी कड़ी में एडेड माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक व प्रधानाचार्य के पदों पर भर्ती होनी है. कुल 2643 पदों पर भर्ती का अधियाचन अपलोड किया जा चुका है. वहीं स्कूलों में TGT-PGT और प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती होनी है, जिसके तहत कुल 21252 पदों पर भर्ती होनी है, जिसका अधियाचन अपलोड किया जा चुका है, जबकि राजकीय इंटर कॉलेजों में 8905 पदों पर भर्ती होना है, जिसका अधियाचन आयोग को भेजा गया है.शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में 131 कनिष्ठ लिपिक और 25 आशुलिपिक की भर्ती अंतिम होनी है.

ग्रामीण क्षेत्रें में 35 हजार शिक्षकों की भर्ती

यूपी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 35 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है. इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद आयोग को अधियाचन भेजने की तैयारी में है. वहीं बेसिक शिक्षा विभाग में 2000 अनुदेशक पदों की भी भर्ती होगी.