Bollywood Spy Thriller 2028: RAW संस्थापक रामेश्वर नाथ काव की जिंदगी पर बनेगी फिल्म, करण जौहर का बड़ा ऐलान

करण जौहर ने RAW के संस्थापक RN काव पर फिल्म बनाने का किया ऐलान। नितिन गोखले की किताब पर आधारित यह फिल्म 2028 में होगी रिलीज।
 
RN Kao biopic

मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर एक स्पाई फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें रियल लाइफ कहानी दिखाई जाएगी. उनकी फिल्म में भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के संस्थापक और पहले चीफ रामेश्वर नाथ काव (RN Kao) की कहानी होगी. ये फिल्म नितिन गोखले की किताब ‘आर. एन. काव जेंटलमैन स्पाईमास्टर’ पर आधारित है. करण ने 21 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए इस फिल्म का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि उन्हें इस फिल्म की घोषणा करते हुए काफी खुशी हो रही है.

21 सितंबर 1968 को रॉ की स्थापना हुई थी. स्थापना के 58 साल पूर होने के मौके पर करण ने फिल्म अनाउंस की है. ये फिल्म 2028 में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी. उसी साल रॉ की स्थापना के 60 साल पूरे होंगे. हालांकि, फिल्म का नाम क्या होगा, कौन-कौन से स्टार्स नजर आएंगे, अभी इन सब चीजों के बारे में करण ने जानकारी शेयर नहीं की है.

रामेश्वर नाथ काव के पहले मिशन की कहानी भी

करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “उन्होंने वो बनाया, जो दिखता नहीं, लेकिन इतिहास में उसका असर हमेशा याद रखा जाएगा. आज RAW के 58 साल पूरे हो रहे हैं और हमें RN काव की कहानी पर बनी अपनी फिल्म की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है. काव ने पर्दे के पीछे रहकर काम किया और उस संस्था को दुनिया के सामने लाए, जिसे आज हम RAW के नाम से जानते हैं. उनके पहले मिशन की कहानी भी होगी.”

कब रिलीज होगी फिल्म?

करण जौहर ने आगे पोस्ट में ही रिलीज डेट की भी जानाकारी शेयर की. उन्होंने लिखा, ” नितिन गोखले की किताब ‘जेंटलमैन स्पाईमास्टर’ पर आधारित ये कहानी 11 अगस्त 2028 को बड़े पर्दे पर आएगी.” यानी अभी फिल्म की रिलीज में 2 साल का समय है.

बताया जा रहा है कि फिल्म में 1955 से 1971 तक की कहानी दिखाई जाएगी. किन-किन परिस्थितियों के कारण रॉ की स्थापना हुई और पाकिस्तान के खिलाफ 1971 की लड़ाई में इस एजेंसी ने कैसे अहम भूमिका निभाई थी, ये सबकुछ इस फिल्म में होगा.