Kareena Kapoor on Saif Ali Khan: पति सैफ के साथ काम करने पर अक्सर होती है लड़ाई, करीना कपूर ने किया खुलासा

एक्ट्रेस करीना कपूर ने पति सैफ अली खान के साथ काम करने और अपनी आने वाली फिल्म 'दायरा' को लेकर कई खुलासे किए हैं। जानिए पूरी खबर।
 
Kareena Kapoor news

करीना कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने पति और एक्टर सैफ अली खान के साथ काम को लेकर होने वाली बहस के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि दोनों का काम करने का तरीका काफी अलग है. करीना ने अपनी बहन करिश्मा कपूर और बच्चों तैमूर जेह के बारे में भी कई बातें शेयर की.

एक्ट्रेस ने इंडियन एक्सप्रेस के स्क्रीन प्रोग्राम में हिस्सा लिया. जहां उन्होंने इसे लेकर बताया कि सैफ के साथ काम को लेकर बात करते हुए अक्सर उनकी लड़ाई हो जाती है. करीना कपूर ने कहा, “हम अक्सर लड़ते रहते हैं. घर में दो एक्टर्स का लड़ना तो तय है. हो सकता है मुझे उनका कोई प्रोमो पसंद न आए, या उन्हें मेरा. इस मामले में हम दोनों काफी अलग हैं. मैं सहज ज्यादा हूं, जबकि सैफ को तैयारी करना ज्यादा पसंद है. वो ज्यादा पढ़ते हैं और उसमें डूब जाते हैं. वहीं, मैं काम को बीच-बीच में बंद और चालू करना चाहती हूं.”

करिश्मा कपूर से सीखी मेहनत और लगन

करीना ने अपनी बहन करिश्मा कपूर की तारीफ करते हुए कहा, “मैं हर चीज का श्रेय उन्हें ही देती हूं, अगर कोई एक चीज है जो उन्होंने मुझे हमेशा सिखाई है, तो वो है कड़ी मेहनत और लगन. क्योंकि 90 के दशक में उन्हें लगातार कोशिश करनी पड़ती थी, बस वहां मौजूद रहना और खुद को साबित करना होता था. वो मुझसे कहती हैं कि चाहे आप कितने भी महान एक्टर या बड़े स्टार क्यों न हों, कभी भी उम्मीद मत छोड़ो.”

एड्स पर तैमूर और जेह का रिएक्शन

करीना ने अपने एड्स पर बेटे तैमूर और जेह के रिएक्शन पर भी बात की उन्होंने बताया कि अब दोनों उन्हें हर जगह विज्ञापनों में देखते हैं. ऐसे में उन्हें कभी कभी अजीब महसूस होता है. इसी के साथ उन्होंने कहा, “अगर तैमूर को मेरा कोई एड दिखता है, जिसमें में पाउट कर रही हूं तो, वो पूछता है कि ये आप क्या कर रहे हो? मैं फिर बोलती हूं कि मूव ऑन ये सिर्फ एक एड है, लेकिन वो पूछता है कि मैं ऐसा क्यों कर रही हूं. मैं बस उससे कहती हूं कि इसे छोड़ दो और इसे ऐसे ही रहने दो.”

‘दायरा’ के बारे में

करीना के काम को लेकर बात करें तो, वो फिल्म ‘दायरा’ में नजर आने वाली हैं, जो 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में करीना कपूर के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल में हैं. इस क्राइम थ्रिलर फिल्म को मेघना गुलजार ने डायरेक्ट किया है.