कुरुक्षेत्र: आम आदमी पार्टी ने जवाहर सिंह गोयल को बनाया नया जिला अध्यक्ष

आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र में संगठन विस्तार किया। जवाहर सिंह गोयल बने नए जिला अध्यक्ष। सुशील गुप्ता ने कानून व्यवस्था और जल समझौते को लेकर सरकार को घेरा।

 
हरियाणा राजनीतिक खबरें

कुरुक्षेत्र: आम आदमी पार्टी की ओर से शनिवार को कुरुक्षेत्र के एक निजी होटल में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सुशील गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से जवाहर सिंह गोयल को पार्टी का नया जिला अध्यक्ष चुना. बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.

जिला संगठन को मजबूत करने पर जोर: बैठक को संबोधित करते हुए सुशील गुप्ता ने कहा कि, "आम आदमी पार्टी हरियाणा के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के अभियान पर काम कर रही है. कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. लगातार बैठकों के जरिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है, ताकि पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंच सकें. आने वाले समय में पार्टी प्रदेश के हर जनहित के मुद्दे को मजबूती से उठाएगी."

राम मंदिर विवाद पर निष्पक्ष जांच की मांग: मीडिया से बातचीत में सुशील गुप्ता ने राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "भाजपा ने राम के नाम पर जनता से वोट मांगे, लेकिन अब राम मंदिर से जुड़े मामलों में लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए."

कानून व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर सरकार को घेरा: प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने हरियाणा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि, "हरियाणा में अपराध, लूट, डकैती और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार इन समस्याओं पर प्रभावी ढंग से काम करने में असफल रही है. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी जनता परेशान है. सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करनी चाहिए."

जल समझौते पर उठाए सवाल: हरियाणा और राजस्थान के बीच हुए जल समझौते पर भी उन्होंने सरकार को घेरा. सुशील गुप्ता ने कहा कि, "हरियाणा के कई गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. ऐसे समय में प्रदेश के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है. हरियाणा के हितों की अनदेखी कर यह समझौता किया गया है और सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए." उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि, "हरियाणा की जनता अब बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है. आने वाले समय में पार्टी पूरे प्रदेश में अपना जनाधार और मजबूत करेगी."