Ambala Bank Square Project: अनिल विज का बड़ा ऐलान: अंबाला में 450 क्षमता वाला ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट जल्द

अंबाला छावनी में अटल मॉल एवं बैंक स्क्वेयर के दूसरे चरण का 53 करोड़ का टेंडर अलॉट। 54 नए शोरूम, 450 सीटर ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट बनेगा।
 
हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन

अंबाला: अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर परियोजना के दूसरे चरण के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे चरण के निर्माण का टेंडर अलॉट कर दिया है. जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. नई बिल्डिंग पिछली तरफ बनाई जाएगी, जिसमें कुल 54 शोरूम होंगे.

450 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम: इस बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि, "दूसरे चरण में केवल शोरूम ही नहीं, बल्कि लोगों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. दूसरे चरण में 54 शोरूम के अलावा तीसरे फ्लोर पर कार्यक्रम, कांफ्रेंस और अन्य आयोजनों के लिए 450 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा. इसके अलावा रूफटॉप पर फूड कोर्ट भी विकसित किया जाएगा."

एक ही छत के नीचे मिलेंगे कई बैंक: मंत्री अनिल विज ने कहा कि, "व्यस्त बाजारों में स्थित बैंकों को एक ही छत के नीचे लाने के लिए बैंक स्क्वेयर परियोजना अंबाला छावनी के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी. बैंकों के यहां शिफ्ट होने से बाजारों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को एक ही स्थान पर कई बैंकों की सुविधा मिल सकेगी."

तीन फ्लोर पर इस तरह होंगे शोरूम: नई बिल्डिंग में पहले फ्लोर पर 17, दूसरे फ्लोर पर 17 और तीसरे फ्लोर पर 20 शोरूम होंगे. इस तरह दूसरे चरण में कुल 54 शोरूम तैयार किए जाएंगे. बिल्डिंग में लिफ्ट, सीढ़ियां, एस्केलेटर, फायर फाइटिंग सिस्टम, एचवीएसी, महिला और पुरुष शौचालय सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.

पहले चरण के 44 शोरूम तैयार: बैंक स्क्वेयर के पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इसमें कुल 44 शोरूम बनाए गए हैं. इन शोरूमों की ई-ऑक्शन नगर परिषद अंबाला सदर की ओर से जल्द शुरू की जाएगी. शोरूमों के लिए 150 रुपये प्रति वर्ग फुट किराया निर्धारित किया गया है. इनमें से कई शोरूम बैंकों के लिए रिजर्व रखे गए हैं.

दोनों बिल्डिंगों में होंगे 98 शोरूम: पहले और दूसरे चरण को मिलाकर बैंक स्क्वेयर की दोनों बिल्डिंगों में कुल 98 शोरूम होंगे. पहले चरण में बनी बिल्डिंग में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर 317 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा है. तीन मंजिला इमारत में पहले फ्लोर पर 21, दूसरे फ्लोर पर 14 और तीसरे फ्लोर पर 13 शोरूम बनाए गए हैं.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी बिल्डिंग: पहले चरण में बनी बिल्डिंग में चार लिफ्ट, सीढ़ियां, इलेक्ट्रिक पैनल रूम, महिला और पुरुषों के लिए पब्लिक टॉयलेट सहित अन्य सुविधाएं हैं. बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर एचवीएसी प्लांट रूम, पंप हाउस और अन्य तकनीकी सुविधाएं बनाई गई हैं. कॉमन एरिया में एयर कंडीशनिंग, ग्रीन एरिया, फायर अलार्म, फायर फाइटिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की गई है.

3.97 एकड़ में विकसित हो रहा प्रोजेक्ट: अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर का निर्माण करीब 3.97 एकड़ जमीन में किया जा रहा है. पहले चरण में आगे की तरफ बनी तीन मंजिला बिल्डिंग का निर्माण करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है. अब दूसरे चरण का टेंडर अलॉट होने के बाद परियोजना के विस्तार को गति मिलेगी. नई बिल्डिंग में ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट इसे अंबाला छावनी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर सकते हैं.