अम्बाला छावनी में फर्जी विजिलेंस अधिकारी गिरफ्तार, वॉकी-टॉकी और नकली ID बरामद

अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP ने नकली रेलवे विजिलेंस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी ID और वॉकी-टॉकी से टीटीई को डराकर अवैध वसूली करता था।

 
अम्बाला समाचार

अम्बाला  : अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली विजिलेंस अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुधीर कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली के वसंत विहार इलाके का रहने वाला है।

पुलिस एफ. आई. आर. के अनुसार यह घटना 28 जुलाई 2026 की है। सी.आई.बी. और आर.पी.एफ. यूनिट अम्बाला छावनी के सब-इंस्पैक्टर सुमित कुमार को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक ट्रेन नंबर 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस के कोच ए-2 में एक व्यक्ति खुद को रेलवे विजिलेंस का अधिकारी बताकर घूम रहा है।

फर्जी आई.डी. और वॉकी- टॉकी बरामद
 सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/4 पर ट्रेन के पहुंचते ही आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक फर्जीविजिलेंस पहचान पत्र बरामद हुआ, जिस पर सुधीर कुमार विजिलेंस रेलवे दिल्ली लिखा था। इसके अलावा उसके पास से एक मोटोरोला कम्पनी का वॉकी-टॉकी सैट भी चालू हालत में मिला, जिसका इस्तेमाल वह रौब जमाने के लिए कर रहा था। 

टी.टी.ई. को डराकर करता था अवैध वसूली
पूछताछ में आरोपी सुधीर कुमार ने कबूल किया कि वह असली अधिकारी न होने के बावजूद इस नकली आईडी और वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करता था। वह ट्रेनों में चैकिंग स्टाफ को विजिलेंस चैकिंग का डर दिखाकर धमकाता था और उनसे अवैध रूप से पैसे वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप में नए कानून के तहत मामला दर्ज किया है। जी.आर.पी. अम्बाला कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4), 319 (2), 204, 336, 340 और 308 बीएनएस के तहत मुकदमा नंबर 141 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच एएसआई बलदेव सिंह को सौंपी गई।