अंबाला: मेयर अक्षिता सैनी बनीं सैनी सेवा समाज की प्रदेश उपाध्यक्ष, मिली बड़ी जिम्मेदारी
अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी को ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज का हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष और अंबाला प्रभारी नियुक्त किया गया है। मेयर ने जिम्मेदारी पर जताया आभार।
अंबाला : अंबाला शहर नगर निगम की महापौर अक्षिता सैनी को समाज के प्रति उनके समर्पण और सक्रिय नेतृत्व को देखते हुए ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज (Regd) ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन द्वारा उन्हें अंबाला प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें हरियाणा प्रदेश का उपाध्यक्ष भी नामित किया गया है।
इस नई जिम्मेदारी के मिलने पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षिता सैनी का अनुभव और उनकी कार्यशैली संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगी। संगठन को विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में समाज के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर अक्षिता सैनी ने कहा कि ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज द्वारा मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। यह मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करूँगी और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहूंगी।
उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य न केवल अंबाला बल्कि पूरे हरियाणा में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और उनके हितों के लिए मजबूती से आवाज उठाना है।
अक्षिता सैनी को मिली इस नई जिम्मेदारी पर उनके समर्थकों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों का मानना है कि एक युवा और गतिशील नेतृत्व के रूप में उनकी यह भूमिका हरियाणा प्रदेश में सैनी समाज के संगठन को एक नई दिशा देगी।

