अंबाला: फर्जी फूड सेफ्टी ऑफिसर बनकर ढाबा संचालक से ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार
अंबाला के मुलाना में फूड इंस्पेक्टर बनकर ढाबा सील करने की धमकी देने वाले दो ठग गिरफ्तार। कुरुक्षेत्र के शुभम और गौरव ने मून ढाबा संचालक से वसूले 25 हजार रुपये।
अंबाला : अंबाला के मुलाना इलाके में फर्जी फ़ूड सेफ्टी अधिकारी ने ढाबा संचालक से पैसे ठग लिए। मामला कालपी रोड पर स्थित मून ढाबा का है। ढाबा संचालक गौरव शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च की रात करीब 10 बजे दो युवक उनके पास आए।
युवकों ने खुद को फूड सेफ्टी विभाग का अधिकारी बताया और ढाबे में कमियां निकालते हुए उसे सील करने की धमकी दी। आरोपियों ने ढाबा संचालक से 50 हजार रुपये की मांग की। डरे हुए संचालक ने उस समय 25 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। आरोपी इतने बेखौफ थे कि जाते-जाते अपना नंबर भी दे गए और अगले दिन बाकी पैसे न देने पर ताला लटकाने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी शुभम और गौरव कुरुक्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन्होंने पहले भी किसी और को अपना शिकार बनाया है। इस कार्रवाई ने इलाके के दुकानदारों को राहत दी है, लेकिन यह घटना सावधान करती है कि किसी भी अनजान अधिकारी पर भरोसा करने से पहले उनकी पहचान की पुष्टि जरूर करें।

