अम्बाला मुठभेड़: मुलाना में पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग, दो घायल

अम्बाला-यमुनानगर रोड पर मुलाना पुल के पास सीआईए और बदमाशों में मुठभेड़। यूपी के दो बदमाश रेहान और मोनिस गिरफ्तार, पैर में लगी गोली। हथियार बरामद।

 
हरियाणा पुलिस एनकाउंटर

बराड़ा  : अम्बाला-यमुनानगर रोड पर मुलाना मारकंडेय पुल के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश की टांग में गोली लगी, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार सीआईए अम्बाला की टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में दो बदमाश मोटरसाकिल पर सवार होकर घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रूकने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रेहान नामक बदमाश को पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी मोनिस भी घायल हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों को काबू कर लिया। घायल बदमाशों को मुलाना में प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। 

पुलिस जांच में दोनों बदमाशों की पहचान उत्तर प्रदेश के चुलकाना निवासी मोनिस  व रिहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।