Ambala Municipal Corporation News: अंबाला में 100 कमर्शियल संपत्तियों की कुर्की की तैयारी, BSNL और पेट्रोल पंप भी लिस्ट में

अंबाला नगर निगम का 50 करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया है। तीन नोटिस के बाद भी टैक्स न भरने वाले 100 बकायेदारों की संपत्ति अब कुर्क होगी।
 
अंबाला नगर निगम समाचार

अंबाला : अंबाला में संपत्ति कर जमा नहीं कराने वाले 100 बकायेदारों की संपत्ति अब कुर्क की जाएगी। नगर निगम की ओर से इन बकायेदारों को तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। नगर कमिश्नर ने बताया निगम का 50 करोड़ रुपया टैक्स के रूप में बकाया है। जिसकी रिकवरी के लिए मुहिम शुरू की गई है।

अंबाला नगर निगम ने ऐसी 100 व्यावसायिक संपत्तियों को चिन्हित किया है, जिन पर करीब 1.41 लाख रुपये से लेकर 1.24 करोड़ रुपये तक का संपत्ति कर बकाया है। नगर निगम आयुक्त की ओर से सख्त कार्रवाई के निर्देश मिलने के बाद नगर निगम ने बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने के लिए ड्राफ्ट वारंट ऑफ अटैचमेंट तैयार कर लिया है। फाइल को अंतिम मंजूरी के लिए अधिकारियों के स्तर पर भेजा गया है। इसमे कई शोरूम, होटल, गोदाम और अन्य संस्थानों को भी सूची में शामिल किया गया है। इनमें BSNL और पेट्रोल पंप जैसी संपत्तियां भी शामिल हैं। 

नगर निगम कमिश्नर वीरेंद्र सेहरावत के मुताबिक, बार-बार नोटिस के बावजूद बकाया जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संपत्ति कुर्क करने समेत अन्य सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया 50 करोड़ रुपए के करीब टैक्स का पैसा बकाया है।