National Highway Ambala Accident: शहीदी स्मारक के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, 35 छात्र बाल-बाल बचे

अंबाला में दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर सीजीसी यूनिवर्सिटी की बस से टकराया ट्रक, टेंपो ट्रैवलर भी पलटा; सभी छात्र सुरक्षित।
 
CGC University bus crash

अंबाला : अंबाला में दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शहीदी स्मारक के पास सड़क पर खड़ी CGC यूनिवर्सिटी मोहाली की बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पीछे आ रहा एक टेंपो ट्रैवलर भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। जिस कॉलेज बस को ट्रक ने टक्कर मारी, उसमें करीब 35 स्टूडेंट सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

वहीं कॉलेज बस चालक का कहना है कि वह शाहबाद से स्टूडेंट्स को लेकर मोहाली जा रहा था। अंबाला में स्टूडेंट्स को बस में बैठाने के लिए वह रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे चल रहा टेंपो ट्रैवलर भी पलट गया। बस चालक के मुताबिक बस में करीब 35 स्टूडेंट्स सवार थे और हादसे में सभी सुरक्षित हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक मौके पर तीन वाहन हादसे का शिकार हुए थे। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू करवाया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में नेशनल हाईवे पर बस रोककर स्टूडेंट्स को बैठाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।