Panjokhra Sahib Police Station Controversy: गुरसिमरन मंड के खिलाफ भी एफआईआर की मांग, पंजोखरा थाने का घेराव और धरना
अंबाला के पंजोखरा साहिब में गुरसिमरन मंड विवाद ने नया मोड़ लिया है। सिख समाज के विरोध के बाद हिरासत में लिए गए दो युवक साक्ष्य के अभाव में रिहा किए गए।
अंबाला : अंबाला के पंजोखरा साहिब में IAKTF के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन मंड के साथ हुई मारपीट और उनकी गाड़ी पर हमले के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस द्वारा दो युवकों को हिरासत में लिए जाने के बाद सिख समाज के लोगों ने पंजोखरा थाना घेर लिया और धरने पर बैठ गए। मामले को लेकर पुलिस और सिख समाज के प्रतिनिधियों के बीच काफी देर तक बातचीत चली। बातचीत के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को साक्ष्यों के अभाव में छोड़ दिया। वहीं, अब सिख समाज की ओर से गुरसिमरन मंड के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग उठाई गई है।

IAKTF के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन मंड के साथ मारपीट और उनकी गाड़ी पर हमले के आरोपों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। दो युवकों की हिरासत की जानकारी सामने आने के बाद सिख समाज के लोग पंजोखरा थाने पहुंच गए और थाना परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया। मौके पर माहौल को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और सिख समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू हुई।

इस बातचीत में HSGMC के उपप्रधान गुरबीर सिंह और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत चली और पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी-अपनी बात रखी गई।

लंबी बातचीत के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों युवकों को साक्ष्यों के अभाव में छोड़ दिया। इसके साथ ही अब इस पूरे मामले में एक और मांग सामने आई है। सिख समाज की ओर से मांग की गई कि दो दिन पहले पंजोखरा में हुए घटनाक्रम को लेकर गुरसिमरन मंड के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए। पुलिस की ओर से कहा गया कि घायल युवक के बयान दर्ज होने के बाद उसके आधार पर FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

