Ambala SHO Karmveer Singh Cremation: राजकीय सम्मान के साथ हुआ एसओ कर्मवीर सिंह का अंतिम संस्कार, कनाडा से बेटा पहुंचा गांव

अंबाला के नग्गल थाना एसएचओ कर्मवीर सिंह का पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कनाडा से बेटा पहुंचा।
 
SP Ajit Singh Shekhawat

कुरुक्षेत्र : अंबाला के नग्गल थाना के SHO सब इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह (50) अपने पैतृक में पंचतत्व में विलीन हो गए। कुरुक्षेत्र के पिहोवा के रामगढ़ रोड के कर्मवीर सिंह को 29 अगस्त को उनके थाने में ही गोली लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। आज सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

उनके इकलौते बेटे सागर ने उन्हें मुखाग्नि दी। सागर कनाडा में था और पिता की मौत की सूचना मिलते ही वापस गांव पहुंचा। बेटी रवीना भी अंतिम संस्कार में शामिल हुई। पत्नी रानी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कर्मवीर सिंह की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, पुलिसकर्मी और सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

पुलिस टुकड़ी ने शस्त्र उल्टे कर दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस की टुकड़ी ने शस्त्र उल्टे कर शोक प्रकट किया। इसके बाद शोक गार्ड ने शस्त्र सलामी देकर कर्मवीर सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। पुलिस की सलामी और गोलियों की गूंज के बीच परिवार और वहां मौजूद लोगों ने अपने प्रिय को आखिरी विदाई दी।

अंबाला SP भी संस्कार में पहुंचे

अंबाला के SP अजीत सिंह शेखावत भी SHO कर्मवीर सिंह के पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उनके अलावा पुलिस अधिकारी और कर्मी भी उनको अंतिम विदाई देने पहुंचे।

इसी साल 26 जनवरी को मिला था सम्मान

कर्मवीर सिंह 25 नवंबर 1998 को हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। करीब 28 साल की पुलिस सेवा में उन्होंने अलग-अलग पदों पर काम किया और पदोन्नति पाकर सब इंस्पेक्टर बने। उनकी सर्विस का बड़ा हिस्सा अंबाला जिले में रहा। वह करीब दो साल से नग्गल थाने के प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए इसी साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया था। सम्मान मिलने के कुछ ही महीनों बाद उनकी अचानक मौत ने परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग को भी गहरा सदमा दिया।

सरकारी रिवॉल्वर से चली गोली 

SP अंबाला के मुताबिक, सरकारी रिवॉल्वर की सफाई के दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चली। हालांकि पुलिस ने अभी इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं माना है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना से कुछ समय पहले ही कर्मवीर सिंह ने थाने के मुंशी से सरकारी रिवॉल्वर की सफाई को लेकर बात की थी। इसके बाद गोली चलने की घटना सामने आई।