Azad Nagar Ambala Blast News: रिहायशी इलाके में फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, घरों से बाहर निकले लोग, फायर ब्रिगेड पर उठे सवाल

अंबाला के आजाद नगर में ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह हुआ जोरदार धमाका। भीषण आग से करोड़ों का नुकसान, रिहायशी इलाके में फैली दहशत।
 
अंबाला फैक्ट्री में आग

अंबाला: अंबाला के रामपुर सरसेहड़ी मोड़ स्थित आजाद नगर के रिहायशी इलाके में ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई. हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों में इसकी आवाज सुनाई दी और कई घरों की खिड़कियों के शीशे तक हिल गए. धमाके की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई.

धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी: फैक्ट्री मालिक सुशांत अग्रवाल ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात को फैक्ट्री को शटडाउन करके घर गए थे. सुबह करीब 5 बजकर 7 मिनट पर फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. आसपास के लोगों ने जब फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत पुलिस के डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया.

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं: इधर, सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी आग बुझाने के लिए पहुंचीं. आग की भयावहता को देखते हुए बाद में तीन और गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं. फायर कर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था.

"समय पर पानी मिलता तो बच जाता नुकसान": फैक्ट्री मालिक सुशांत अग्रवाल ने फायर ब्रिगेड की कार्रवाई को लेकर कहा कि, "जब आग लगी थी, तब यह इतनी ज्यादा नहीं भड़की थी. अगर फायर ब्रिगेड समय पर पर्याप्त पानी के साथ पहुंच जाती तो आग पर काबू पाया जा सकता था. पहली गाड़ी में पानी कम था और दूसरी गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से पहुंची. तब तक आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी.'

फैक्ट्री जलकर हुई खाक: आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. फैक्ट्री में रखा ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई. आग से पूरी फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है. फैक्ट्री मालिक ने नुकसान करोड़ों रुपये में होने की आशंका जताई है. हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने और सामान की जांच के बाद ही हो सकेगा.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने से इंश्योरेंस भी नहीं: सुशांत अग्रवाल ने आगे कहा कि, "फैक्ट्री जिस इलाके में है, उसे प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है. इसी वजह से पिछले करीब एक साल से फैक्ट्री का इंश्योरेंस नहीं हो पा रहा था. ऐसे में आग की यह घटना उनके लिए बड़ी आर्थिक परेशानी बन गई है. फैक्ट्री का बीमा होता तो नुकसान की भरपाई में कुछ मदद मिल सकती थी."

मौके पर पहुंचे डायल 112 : मौके पर पहुंचे डायल 112 इंचार्ज प्रदीप राणा ने बताया कि, " हमें सुबह करीब 5:20 बजे रामपुर सरसेहड़ी मोड़ के आजाद नगर में फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना मिली थी. फैक्ट्री रिहायशी इलाके में स्थित है. यहां बिजली की तारें काफी नीचे हैं, जिसके कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को अंदर आने में परेशानी हुई. इसके अलावा लोगों की गाड़ियां भी गलियों में खड़ी थीं, जिससे आग बुझाने के लिए दूसरी तरफ से गाड़ियां लगानी पड़ीं."

बच्चों को लेकर घरों से बाहर निकले लोग: वहीं, आग लगने के बाद आसपास के रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोग भी घरों से बाहर निकल आए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके बाद जब लोग बाहर आए तो फैक्ट्री से भीषण आग की लपटें उठती दिखाई दीं. स्थानीय लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जाना शुरू कर दिया.

"जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा": मामले में फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि, "सूचना मिलते ही दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था. आग बहुत भीषण है, इसलिए दो और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गई हैं. सभी टीमें आग बुझाने में लगी हुई हैं और जल्द ही इस पर काबू पा लिया जाएगा."

आग के कारणों की जांच जारी: फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. वहीं, सुबह हुए तेज धमाके को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस और संबंधित विभाग आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री का निरीक्षण करेंगे. फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और आसपास के रिहायशी क्षेत्र को सुरक्षित रखने की है.