अंबाला: नशे की ओवरडोज ने ली इकलौते बेटे की जान, खंडहर में मिला युवक का शव

अंबाला के महेश नगर में जगाधरी हाईवे के पास एक खंडहर मकान में 25 वर्षीय प्रिंस का शव मिलने से सनसनी। नशे का आदी था युवक, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम।

 
Mahesh Nagar Ambala News
अंबाला : आज कल के युवा नशे के जंजाल में फंसते जा रहे हैं। जहां अंबाला में जगाधरी हाईवे पर स्थित महेश नगर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खंडहर मकान के अंदर युवक का शव मिला। मृतक की पहचान प्रिंस (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि युवक नशेड़ी था। प्रिंस की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। 

परिजनों के मुताबिक वह घर का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बहनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रिंस काफी समय से नशे का आदि था, जिसके कारण वह अक्सर घर से बाहर चला जाता था। बुधवार को राहगीरों ने हाईवे किनारे बने खंडहर मकान में युवक को बेसुध देखा। जिसकी सूचना तुरंत महेश नगर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो  युवक की मौत हो चुकी है। मृतक की मां कमलेश देवी ने रोते हुए बताया कि समझाने के बाद भी प्रिंस नहीं सुधरा तो करीब छह माह पहले उसे घर से निकाल दिया गया था। तब से वह बाहर रह रहा था।