Archana Gupta Attacks Congress: पानीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान, कहा- कांग्रेस ने सिख समाज की भावनाओं को पहुंचाया आहत

हरियाणा विधानसभा में 1984 के दंगों और तख्ती विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
 
BJP state president Archana Gupta news

पानीपत: हरियाणा विधानसभा में 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर माफी की मांग के दौरान हुए घटनाक्रम ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है. सिख विधायक जरनैल सिंह द्वारा माफी की मांग से जुड़ा पर्चा दिखाए जाने और कांग्रेस विधायक इंदु नरवाल द्वारा कथित तौर पर पर्चा लेकर हवा में उछालने के मामले पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.

कांग्रेस के व्यवहार से सिख समाज की भावनाएं हुई आहत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि "कांग्रेस के इस व्यवहार से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं. 1984 के दंगों में सिख समुदाय के साथ जो अत्याचार हुए, उन्हें समाज आज भी नहीं भूला है और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए."

'किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं': डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "1984 के दंगों में निर्दोष लोगों की हत्या हुई, लोगों को घरों से बेघर किया गया और महिलाओं के साथ भी अत्याचार हुए. सिख समाज ने देश, धर्म, संस्कृति और एकता-अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है. ऐसे समाज के साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता."

‘सिख विरोधी और दलित विरोधी मानसिकता’ : उन्होंने कहा कि "विधानसभा में जब सिख विधायक जरनैल सिंह केवल एक कागज लेकर खड़े हुए और उस पर 1984 के दंगों के लिए माफी मांगने की बात लिखी थी, तब कांग्रेस विधायक द्वारा कथित तौर पर उनके हाथ से पर्चा लेकर फेंकना बेहद निंदनीय है." भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे कांग्रेस की ‘सिख विरोधी और दलित विरोधी मानसिकता’ करार दिया. डॉ. गुप्ता ने कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के एक पुराने बयान का भी हवाला देते हुए आरोप लगाया कि "कांग्रेस के नेताओं के बयानों से उनकी मानसिकता स्पष्ट होती है. जिन घटनाओं ने सिख समाज के जख्मों को गहरा किया, उन पर राजनीति करने के बजाय संवेदनशीलता और सम्मान का परिचय दिया जाना चाहिए."

सरकार हर विषय पर गंभीरत और संवेदनशील': भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर विधानसभा के समय को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि "सदन जनता के टैक्स के पैसे से चलता है. विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभाते हुए प्रदेश के विकास और जनता के हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए." उन्होंने कांग्रेस को ‘दिशाहीन, नेताहीन और नीतिहीन विपक्ष’ बताते हुए कहा कि "सरकार हर विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है." उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि "मुख्यमंत्री 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध हैं और छोटी से छोटी शिकायत पर भी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कार्रवाई की जाती है."