पंचकूला: अशोक कुमार सिरसी ने संभाला पशुधन बोर्ड चेयरमैन का पदभार
पंचकूला: हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने पद्भार ग्रहण किया. उन्होंने पशुधन भवन, सेक्टर-2 स्थित कार्यालय में हरियाणा के कृषि, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा की उपस्थिति में बतौर चेयरमैन पद्भार संभाला. इस दौरान मंत्री श्याम सिंह राणा ने उन्हें उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी.
वहीं, एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने उन्हें बोर्ड का दायित्व सौंपने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार प्रकट किया. इसके बाद उन्होंने ईटीवी भारत से अपनी सोच को सांझा करते हुए बताया कि आगामी समय में वह क्या करना चाहते हैं.
प्रति व्यक्ति ढाई किलो दूध की खपत: एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने कहा कि, " मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करुंगा.हरियाणा में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और पशु नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे. जहां दूध-दही का खाणा, देशों में देश हरियाणा"....पूरे भारत में प्रति व्यक्ति दूध की खपत 545 ग्राम है, जबकि हरियाणा में प्रति व्यक्ति 1148 ग्राम की खपत है. यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रति व्यक्ति ढाई किलो दूध की खपत, कंप्लीट फूड पर काम किया जाएगा."
गाय-भैंस की नई नस्ल विकसित करेंगे: एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने आगे कहा कि, "पशुपालकों के लिए कई योजनाओं के अंतर्गत सब्सिडी की सुविधा है. विदेशी दौरा करके गाय-भैंस, मुर्राह में एक नई नस्ल विकसित की जाएगी, जिस पर योजना के तहत काम किया जाएगा. हम विभाग की सभी योजनाओं-परियोजनाओं की स्टडी करके प्रदेश के पशुपालकों, किसानों व कृषि संबंधी अन्यों को लाभान्वित करने का काम करेंगे."
यह विधायक व अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद: इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, इंद्री के विधायक राम कुमार, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, मुख्यमंत्री के एडीसी मोहिंदर सैनी, शिवालिक विकास बोर्ड के वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश देवीनगर, मेघा भंडारी, हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के सदस्य मुकेश गर्ग, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के पूर्व चेयरमैन भोपाल खदरी, एचएसएससी के पूर्व सदस्य अमरनाथ सौदा, सरदार गुरप्रताप सिंह, इफको के निदेशक प्रदीप सिंह और बार काउंसिल के सदस्य प्रदीप परमार समेत अन्य उपस्थित रहे. वहीं, विभाग की ओर से प्रबंध निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह लौरा, महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह, ओएसडी डॉ. धर्मेंद्र कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह राठी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.
पशुपालन एवं दुधारू पालन विभाग का उद्देश्य:
- हरियाणा राज्य में पशुओं के आनुवंशिक भंडार में सुधार करना और मुर्राह जर्मप्लाज्म के संरक्षण और गुणन पर विशेष जोर देते हुए प्रजनन गतिविधियों को बढ़ावा देना.
- गुणवत्तापूर्ण प्रजनन सामग्री उत्पन्न करने और किसानों के घर तक प्रजनन सेवाएं पहुंचाने के लिए संस्थानों को बढ़ावा देना, संगठित करना और उनका पोषण करना, ताकि यह कार्य उत्तरोत्तर आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से व्यवहार्य आधार पर हो सके.
- मौजूदा प्रशिक्षण सुविधाओं का आधुनिकीकरण और उन्नयन करना और पशुधन उत्पादन, उत्पाद प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, व्यापार व अनुसंधान कार्य के सभी पहलुओं पर नई प्रौद्योगिकियां प्राप्त करना और कौशल को उन्नत करना.
बोर्ड की गतिविधियां:
- पशुपालकों के लिए मोबाइल एआई सुविधाएं
- उच्च गुणवत्ता वाले वीर्य का उत्पादन
- उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं की पहचान
- चिन्हित पशुओं के लिए बीमा कवर
- अधिक दूध देने वाली गायों से पैदा हुए नर बछड़ों की खरीद
- पंचायतों को युवा बैलों की आपूर्ति
- बछड़ों की रैलियां
- महिला जागरूकता शिविर
- स्वास्थ्य देखभाल और बांझपन प्रबंधन शिविर

