Bahadurgarh Live Fire Incident: नया गांव-बीर बरखताबाद बाईपास पर कैंटर में फैला करंट, जलकर चालक की मौके पर मौत

झज्जर के बहादुरगढ़ बाईपास पर बिजली के ढीले तारों के संपर्क में आने से कैंटर में करंट फैला और आग लग गई। हादसे में चालक राकेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 
हरियाणा समाचार

झज्जर: जिले के बहादुरगढ़ में शुक्रवार सुबह नया गांव-बीर बरखताबाद बाईपास पर दर्दनाक हादसा हो गया. बादली की ओर से सामान लेकर बहादुरगढ़ आ रहा एक कैंटर सड़क किनारे रुका था. वहीं, चालक कैंटर को साइड में खड़ा करने के बाद नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के ढीले तार कैंटर के संपर्क में आ गए. बिजली की अर्थिंग होने के कारण चालक करंट की चपेट में आ गया. इसके बाद अचानक कैंटर में आग लग गई. कुछ ही पलों में आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और चालक उसमें फंस गया.

करंट और आग की चपेट में आई जान: हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया और करंट के साथ आग की लपटों में घिर गया. हादसा इतना भयावह था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राकेश के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग: इधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कैंटर में लगी आग पर काबू पाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेज दिया. मामले में फायर ऑफिसर रविन्द्र कुमार ने बताया कि, "सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई."

बिजली के तारों की स्थिति पर उठे सवाल: वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. खास तौर पर बिजली के ढीले तारों की स्थिति और हादसे के पीछे संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है.