बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल: 16 अप्रैल से बदलेगा OPD का समय, जानें नया शेड्यूल!

बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल में गर्मी के चलते बदला ओपीडी का समय। अब 16 अप्रैल से सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक होगा इलाज। SMO डॉ. विनय देशवाल ने जारी की नई गाइडलाइन।

 
Bahadurgarh Civil Hospital OPD Timings

हरियाणा : बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी (आउट पेशेंट विभाग) के समय में बदलाव किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब 16 अप्रैल से ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी। वहीं, ओपीडी कार्ड दोपहर 1 बजे तक ही बनाए जाएंगे।

बता दें कि अभी तक ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक था, लेकिन गर्मी के मौसम को देखते हुए अगले 6 महीनों के लिए यह नया शेड्यूल लागू किया जा रहा है। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. विनय देशवाल ने बताया कि इस बदलाव को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हर साल मौसम के अनुसार दो बार ओपीडी का समय बदला जाता है, एक बार गर्मियों की शुरुआत में और दूसरी बार सर्दियों में।

ओपीडी समय के बाद भी मरीजों के इलाज की सुविधा जारी रहेगी। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं। पूर्व में छुट्टी के दिनों में इमरजेंसी में दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने की व्यवस्था की गई थी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हालांकि, कई मरीजों ने सुझाव दिया है कि यह व्यवस्था केवल छुट्टियों तक सीमित न रहकर रविवार और रात के समय भी लागू होनी चाहिए। उनका मानना है कि जब ओपीडी बंद रहती है, तब इमरजेंसी वार्ड में कम से कम दो डॉक्टरों की तैनाती पूरे दिन रहनी चाहिए, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।