Bahadurgarh Fire News: बहादुरगढ़ में अवैध PVC गोदाम में भीषण आग, युवक जिंदा जला
बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में अवैध पीवीसी कबाड़ गोदाम में लगी आग से यूपी के युवक की मौत। एक एकड़ में फैली आग ने झुग्गियों को चपेट में लिया। प्रशासन की ढिलाई पर उठे सवाल।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी गोदाम में भीषण आग लगने से एक युवक की जान चली गई। हादसा इतना खतरनाक था कि युवक जिंदा जल गया। मामला बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर का है। यहां बीती रात एक अवैध पीवीसी कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब एक एकड़ में फैले कबाड़, मशीनों और आसपास बनी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।
जिंदा जला युवक
फायर ऑफिसर दीपांशु के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद झुग्गी में सो रहा एक प्रवासी युवक बाहर निकल ही नहीं सका और जिंदा जल गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी शिवबाबू के रूप में हुई है। जो करीब ढाई महीने पहले ही यहां काम के सिलसिले में आया था। दीपांशु ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आपको बता दें कि बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी कारोबार अब एक बड़ी समस्या बन चुका है। शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे अवैध गोदाम धड़ल्ले से चल रहे हैं। जहां आए दिन आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इन गोदामों से निकलने वाला जहरीला धुआं इलाके की हवा को भी प्रदूषित कर रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ कागजों और नोटिसों तक ही सीमित नजर आ रही है। हालांकि प्रशासन ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अवैध प्लास्टिक कबाड़ के गोदामों पर रोक लगा रखी है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बड़ा सवाल ये है कि आखिर कब तक ऐसे अवैध गोदाम लोगों की जान लेते रहेंगे?

