ID Fraud Agarwal Colony News 2026: बहादुरगढ़ प्रॉपर्टी आईडी आरोपों पर विधायक राजेश जून का पलटवार: कहा- कोई गड़बड़ी नहीं, मैं संत नहीं व्यापारी भी हूं

बहादुरगढ़ प्रॉपर्टी आईडी विवाद पर विधायक राजेश जून का पलटवार; आरोपों को बताया निराधार, गिनाए दो साल के विकास कार्य।
 
Haryana news today Hindi

बहादुरगढ़: बहादुरगढ़ शहर की अग्रवाल कॉलोनी में प्रॉपर्टी ID फ्रॉड और अवैध कॉलोनी के जरिए जमीन की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर बहादुरगढ़ के निर्दलीय विधायक राजेश जून ने पलटवार किया है।

उन्होंने पूर्व विधायक राजेंद्र जून द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी नियम-कानून का उल्लंघन नहीं किया है। जमीन की खरीद-फरोख्त पूरी तरह नियमानुसार की गई है और हर प्लॉट की अलग प्रॉपर्टी ID थी। प्लॉट खरीदते और बेचते समय नियमानुसार निर्धारित शुल्क का भुगतान भी किया गया है।

📑 3522 वर्ग गज जमीन का सौदा और वैध कॉलोनी का दावा

विधायक राजेश जून ने बताया कि अग्रवाल कॉलोनी नगर परिषद की वैध कॉलोनी है। जिस जमीन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसके मालिकों ने पहले ही फैमिली पार्टीशन करवा रखा था। कुल 13 लोगों के नाम पर 3522 वर्ग गज जमीन का सौदा किया गया था। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।

🗣️ व्यापार और पूर्व विधायक पर तल्ख टिप्पणी

राजेश जून ने तल्ख अंदाज में कहा कि वह कोई संत नहीं हैं, बल्कि एक व्यापारी भी हैं। बिना व्यापार के राजनीति कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि हर रोज जेब में 10-5 हजार रुपये डालकर लोगों के बीच निकलना पड़ता है। ऐसे में व्यापार करना कोई गलत बात नहीं है। पूर्व विधायक राजेंद्र जून पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर उनका दिमाग सटक गया है तो उन्हें अपना इलाज करवाना चाहिए। उन्हें अपनी हार और बहादुरगढ़ हलके का विकास हजम नहीं हो रहा है।

🏗️ दो साल के कार्यकाल में गिनाए विकास कार्य

विधायक ने अपने दो साल के कार्यकाल का ब्योरा देते हुए दावा किया कि उन्होंने हलके में 106 सड़कों का निर्माण करवाया है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से खेतों के रास्ते पक्के करवाए जा रहे हैं और 13 तालाबों का जीर्णोद्धार भी करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र जून ने 2019 से 2024 तक अपने पांच साल के कार्यकाल में जितने विकास कार्य नहीं करवाए, उससे ज्यादा काम उन्होंने महज दो साल में करवाए हैं।

📄 SDM नोटिस पर दी यह प्रतिक्रिया

SDM की ओर से जारी नोटिस और मामले की जांच को लेकर भी राजेश जून ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह छोटी सी बात है, इसमें जांच की क्या जरूरत है।

🔍 यह है मामला

गौरतलब है कि एक दिन पहले पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने प्रेसवार्ता कर अग्रवाल कॉलोनी में कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर प्रॉपर्टी ID बनवाने और जमीन की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने इस पूरे मामले में निर्दलीय विधायक राजेश जून की भूमिका पर सवाल उठाए थे। अब विधायक राजेश जून ने प्रेसवार्ता कर इन आरोपों का जवाब दिया है।