बहादुरगढ़: टांडाहेड़ी के खेत में मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
बहादुरगढ़ के टांडाहेड़ी गांव में खेत के कोठड़े में 55 वर्षीय सतबीर का शव मिलने से सनसनी। नाक से खून निकलने के कारण मौत संदिग्ध, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ के गांव टांडाहेड़ी के खेत में बने कोठड़े में एक व्यक्ति का शव मिला है। शरीर पर किसी तरह की चोट का निशान तो नहीं है लेकिन उसके नाक से खून निकला हुआ है। अब ये मामला हत्या का है या आकस्मिक मौत इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव नागरिक अस्पताल में रखवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना रविवार सुबह की है। गांव का एक युवक खेतों की तरफ टहलने गया हुआ था। इस दौरान उसे खेतों में बने कोठडे के बाहर बिछे तख्त पर एक व्यक्ति नजर आया। नजदीक जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में था और नाक से खून निकला हुआ था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान करीब 55 वर्षीय सतबीर निवासी टाण्डाहेड़ी के रूप में हुई है। शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत होता है। संभवतः गर्मी या किसी बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के असल कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।

