Haryana Satgama Kanni Panchayat: 30 अगस्त को होगी अगली महापंचायत, जानिए कौन चुनेगा सतगामा कन्नी का नया प्रधान

बाबा सिद्धनाथ धाम सिधनवा में 7 गांवों की पंचायत में नहीं बना फैसला। 21 सदस्यीय कमेटी 30 अगस्त से पहले चुनेगी नया प्रधान।
 
21 सदस्यीय कमेटी चुनाव

बहल। बाबा सिद्धनाथ धाम सिधनवा में रविवार को सतगामा कन्नी के प्रधान पद के चुनाव के लिए पंचायत हुई लेकिन प्रधान पद पर कोई फैसला नहीं हो सका। पंचायत में तय किया गया कि कन्नी से जुड़े सात गांवों से तीन-तीन लोगों को शामिल कर 21 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। यही कमेटी कन्नी प्रधान और कार्यकारिणी के चयन का फैसला करेगी।

पंचायत में सतगामा कन्नी से जुड़े मंढोली कलां, गोपालवास, सिधनवा, हरियावास, कासनी कलां, कासनी खुर्द और गोकलपुरा गांवों के करीब 500 लोग पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने कन्नी प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया को लेकर अपनी-अपनी राय रखी। चर्चा के बाद लोगों ने कहा कि कन्नी प्रधान का पद महत्वपूर्ण है और इसके लिए सभी गांवों की राय लेकर गहन मंथन किया जाना जरूरी है। इस अवसर पर देवेंद्र श्योराण, पूर्व सरपंच सुरेश कुमार, मुन्ना हरियावास, महावीर बाजिया, महावीर साहब, सूरत सिंह, मुकेश कुमार, सूबेदार सतबीर और करतार मंढोली मौजूद रहे।

पूर्व सरपंच सुरेश कुमार को नियुक्त किया कमेटी अध्यक्ष
पंचायत में सातों गांवों से तीन-तीन सदस्यों को कमेटी में शामिल करने का फैसला लिया गया। 21 सदस्यीय कमेटी कन्नी प्रधान के साथ कार्यकारिणी के गठन पर भी निर्णय लेगी। कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सरपंच सुरेश कुमार को नियुक्त किया गया है। कन्नी प्रधान पद के इच्छुक लोगों को अपने नाम कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे। कमेटी सभी नामों पर विचार करने के बाद अपना निर्णय देगी।

कमेटी को यह प्रक्रिया 30 अगस्त से पहले पूरी करनी होगी। इसके बाद 30 अगस्त को बाबा सिद्धनाथ धाम सिधनवा में सातों गांवों के लोगों की दोबारा पंचायत होगी। इसमें कमेटी की ओर से कन्नी प्रधान और कार्यकारिणी के संबंध में लिए गए निर्णय की जानकारी दी जाएगी।