बल्लभगढ़ से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी रोडवेज बस शुरू, जानें समय और किराया
हरियाणा रोडवेज ने बल्लभगढ़ बस डिपो से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। केवल 85 रुपये किराए में 63 किमी का सफर आसान होगा। जानिए बस की टाइमिंग और हरिद्वार स्पेशल बसों की डिटेल।
फरीदाबाद:हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. बल्लभगढ़ बस डिपो से अब जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी हरियाणा रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है. इस नई सुविधा से फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए बीच रास्ते में वाहन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासकर फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा समय और सुविधा दोनों के लिहाज से लाभदायक साबित होगी.
अब एयरपोर्ट तक पहुंचेगी रोडवेज बस: अब तक बल्लभगढ़ से संचालित रोडवेज बसें जेवर बस डिपो तक ही जाती थीं. वहां उतरने के बाद यात्रियों को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अलग वाहन लेना पड़ता था. नई व्यवस्था लागू होने के बाद रोडवेज बस सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेगी. इससे यात्रियों का अतिरिक्त समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा सफर अधिक सुविधाजनक हो जाएगा.
सुबह 8:40 बजे रवाना होगी बस: बल्लभगढ़ बस डिपो के ड्यूटी क्लर्क ईशान अली ने बताया कि, "जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी गई है. पहले बसें केवल जेवर बस डिपो तक जाती थीं, लेकिन अब उन्हें सीधे एयरपोर्ट तक संचालित किया जा रहा है." उन्होंने बताया कि "बस सुबह 8:40 बजे बल्लभगढ़ से रवाना होगी और करीब 10:50 बजे एयरपोर्ट से वापसी करेगी. इससे यात्रियों को बीच रास्ते में बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी."
63 किलोमीटर का सफर, किराया 85 रुपये: बल्लभगढ़ से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दूरी लगभग 63 किलोमीटर है. इस रूट पर फिलहाल 85 रुपये किराया निर्धारित किया गया है. शुरुआत में इस सेवा के लिए एक सामान्य रोडवेज बस चलाई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इस रूट पर अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक लोगों को सुविधा मिल सके.
ट्रायल के तौर पर शुरू हुई सेवा: रोडवेज अधिकारियों के अनुसार फिलहाल इस सेवा को ट्रायल आधार पर शुरू किया गया है. यात्रियों की प्रतिक्रिया और मांग का आकलन करने के बाद बसों की संख्या बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा. माना जा रहा है कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार के साथ इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ेगी, इसलिए भविष्य में यह सेवा और मजबूत हो सकती है.
कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष बसें: सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए बल्लभगढ़ बस डिपो ने हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष परिवहन व्यवस्था की है. डिपो से नियमित समय पर हरिद्वार के लिए बसें संचालित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
जरूरत पड़ने पर चलेंगी अतिरिक्त बसें: ड्यूटी क्लर्क ईशान अली ने कहा कि, "सुबह 5:30 बजे और शाम 8 बजे बल्लभगढ़ से हरिद्वार के लिए बस उपलब्ध रहेगी. यदि शाम की बस के बाद भी यात्रियों की संख्या अधिक रहती है तो मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी. यात्रियों की संख्या 100 हो, 200 हो या 500 से अधिक, रोडवेज आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करेगा."
हरिद्वार का किराया 391 रुपये: बल्लभगढ़ से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए 391 रुपये किराया तय किया गया है. रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े.
फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ: नई बस सेवा से फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल क्षेत्र के यात्रियों को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है. जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक अब एक ही बस से पहुंचना संभव होगा, जिससे यात्रा आसान और किफायती बनेगी. वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार के लिए विशेष बसों की व्यवस्था श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

